हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के राऊ थाना क्षेत्र में खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जहां राह चलते व्यक्ति को रोककर आरोपियों ने चाकू और डंडों से मारपीट की और रुपए की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राऊ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप, सौरभ और आकाश के रूप में हुई है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

रास्ता रोककर बनाया शिकार

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने सुनसान जगह पर राहगीर का रास्ता रोका और फिर चाकू व डंडों के दम पर उसे डराकर पैसे मांगने लगे। विरोध करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

हथियार और कार जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई कार और चाकू भी बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रह चुके हैं।

फरार आरोपियों की तलाश

पुलिस का कहना है कि फरार तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे गिरोह की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

जेल भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह गिरोह शहर में और भी वारदातों में तो शामिल नहीं रहा।इंदौर में इस तरह की घटनाएं एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m