कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई थी, जहाँ मामूली सी ‘घूरने’ की बात पर एक परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गईं थी, मुरार थाना क्षेत्र के खुरेरी गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड और उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है,वहीं आरोपी के कबूलनामे ने सबको चौंका दिया है।
ग्वालियर का खुरेरी गांव मंगलवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। जिस घर में बहन की शादी के लिए ‘भात’ ले जाने की तैयारी चल रही थीं, वहां चीख-पुकार मच गई। वजह सिर्फ इतनी थी कि पड़ोसी को लगा कि उसे ‘घूरा’ जा रहा है।मृतक रमेश सिंह कुशवाह का बेटा अनिल जब घर के बाहर खड़ा था, तभी पड़ोसी रामू, अनार सिंह, सुखवीर और राजपाल ने उस पर घूरने का आरोप लगाया।
विवाद इतना बढ़ा कि चारों भाइयों ने मिलकर पहले मारपीट की और फिर अपनी लाइसेंसी बंदूक से छत पर चढ़कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस खूनी खेल में रमेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और वारदात के मास्टरमाइंड अनार सिंह और उसके भाई राजपाल को दबोच लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बिना किसी पछतावे के अपना जुर्म कबूल किया। हालांकि, इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य भाई सुखबीर सिंह और रामू पाल अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

