परवेज खान ,यमुनानगर। जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गनौला गांव में दो सिख युवकों के साथ कथित मारपीट और पगड़ी की बेअदबी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिख समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोगों ने सैकड़ों की संख्या में छछरौली थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के कई घंटे बाद भी थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
करीब तीन घंटे तक थाना परिसर में प्रदर्शन के बाद भी जब संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे की ओर मार्च किया और बीच बाजार में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
आस्था पर हमला बताकर कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह सिर्फ मारपीट का मामला नहीं है, बल्कि सिख समाज की आस्था और सम्मान पर हमला है। उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान थाना प्रभारी राजपाल और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में आशीष चौधरी और रजत गुलिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि सिख समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

