Bangladesh में खसरे का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। देश के 61 जिलों में संक्रमण फैल चुका है और मरीजों की संख्या 45 हजार के पार पहुंच गई है। Dhaka Tribune की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 12 बच्चों की मौत हुई, जिनमें से 5 मौतें राजधानी Dhaka में दर्ज की गईं। Directorate General of Health Services (DGHS) के अनुसार, देशभर में खसरे से मौतों का आंकड़ा 300 से अधिक हो गया है। इनमें 57 मौतों की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि 279 मौतें संदिग्ध मानी जा रही हैं।

15 मार्च से लगातार आ रहे मामले

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 15 मार्च से देश में खसरे के मामले सामने आने शुरू हुए थे, लेकिन अब तक संक्रमण पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। इस दौरान में 31,912 संदिग्ध मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 28,238 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। इसी बीच, पिछले 24 घंटे में 1,238 नए संदिग्ध मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45,498 हो गई है।

टीकाकरण अभियान में देरी बनी बड़ी वजह

खसरे के बढ़ते मामलों को देखते हुए Bangladesh सरकार ने पिछले महीने आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू किया। देश में आमतौर पर हर चार साल में विशेष खसरा टीकाकरण अभियान चलाया जाता है, लेकिन 2020 के बाद यह अभियान बाधित रहा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कोरोना महामारी और पूर्व प्रधानमंत्री Sheikh Hasina के सत्ता से हटने के बाद बने राजनीतिक हालात के कारण वैक्सीनेशन कार्यक्रम प्रभावित हुआ। वहीं, The Daily Star ने दावा किया कि अंतरिम सरकार के प्रमुख Muhammad Yunus के कार्यकाल में टीकों की खरीद में देरी हुई, जिससे वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया और अभियान समय पर शुरू नहीं हो सका।

कैसे फैलता है खसरा?

खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से बच्चों को प्रभावित करती है। यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से तेजी से फैलता है। इसके सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, सूखी खांसी, बहती नाक, आंखों में लालिमा या सूजन और मुंह के अंदर सफेद दाग शामिल हैं। अधिकांश बच्चे 7 से 10 दिनों में ठीक हो जाते हैं, लेकिन गंभीर मामलों में संक्रमण लंबे समय तक बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि खसरे से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण, संक्रमित व्यक्ति से दूरी और साफ-सफाई बेहद जरूरी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m