लखनऊ. पूर्व प्रधान मनोज हेला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जाने से रोक दिया. कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया. जिसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब जन प्रतिनिधियों की दिनदहाड़े हत्या की जा रही है, जिसका ताजा उदाहरण कौशाम्बी जनपद की चायल विधानसभा के ग्राम आलमचंद में देखने को मिला. जहां पूर्व प्रधान मनोज हेला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया.

इसे भी पढ़ें- ‘कांग्रेस का हाथ संविधान विरोधी कट्टरों के साथ’… राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में लगे पोस्टर, मचा बवाल

इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और न्याय की आवाज बुलंद करने जा रहे कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल को भाजपा सरकार की पुलिस ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए बलपूर्वक हाउस अरेस्ट कर लिया. जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में पीड़ित परिजनों से मिलने जा रहे पूर्व प्रदेश सचिव रामबहादुर त्रिपाठी समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही कैद कर दिया, ताकि वे जनता का दुख न बांट सकें.

इसे भी पढ़ें- बीवी नहीं ‘बला’ है! पत्नी के मायके से न लौटने पर पति ने लगाई फांसी, जानिए जीवनसाथी कैसे बनी जी की जंजाल…

प्रदेश की भाजपा सरकार इतनी क्रूर और संवेदनहीन हो चुकी है कि वह न तो अपराध रोक पा रही है और न ही विपक्ष को शोकाकुल परिजनों के आंसू पोंछने की अनुमति दे रही है. शासन और प्रशासन का यह दमनकारी चेहरा साबित करता है कि सरकार को न्याय से ज्यादा अपनी विफलताओं को छिपाने की चिंता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी स्पष्ट कर देना चाहती है कि वह इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है. हम इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिजनों के साथ खड़े हैं और हमारी गहरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, साथ ही हम मांग करते हैं कि अपराधियों को तत्काल कड़ी सजा दी जाए और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बंद किया जाए.