सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार शाम 7:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि मैच से पहले मौसम ने आयोजकों और फैंस की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है।

बता दें कि बीते शुक्रवार और आज शाम रायपुर में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी के साथ बेमौसम बारिश हुई। गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों की चिंता भी बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग का कहना है कि 11 मई के बाद मौसम की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।
कोहली की एक झलक पाने बेताब दिखे फैंस

आईपीएल मुकाबले के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं। विराट कोहली समेत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी शुक्रवार को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस और विराट आर्मी मौजूद रही। हालांकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खिलाड़ी सीधे टीम बस से होटल रवाना हो गए।
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने नेट्स पर बहाया पसीना
दूसरी ओर रोहित शर्मा समेत मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं और टीम ने स्टेडियम में करीब तीन घंटे तक अभ्यास किया। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ट्रेनर के साथ रनअप और फिटनेस मूवमेंट्स पर काम करते नजर आए। वहीं दीपक चाहर ने पिच क्यूरेटर के साथ विकेट का जायजा लिया। गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा नेट्स पर गेंदबाजों की लाइन-लेंथ और गति पर नजर रखते दिखे।
मैच के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गौरतलब है कि मैच को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम और उसके आसपास 1500 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त वालंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए।
स्टेडियम में इन सामानों को लेकर जाने पर रहेगा प्रतिबंध
आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने और टिकट पर अंकित गेट नंबर का पालन करने की अपील की है। वैलिड टिकट या पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में कई सामानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें छाता, स्टूल, स्केट्स बोर्ड, हथियार, पटाखे, चाकू, तलवार, कैंची, कांच के कंटेनर, बड़े बैग, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, परफ्यूम स्प्रे, हॉकी स्टिक, झंडे और प्रचार सामग्री जैसी वस्तुएं शामिल हैं।
मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। खबर है कि मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी, विराट कोहली की पत्नी और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार भी रायपुर पहुंच सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार मुकाबले का इंतजार है, बस नजरें अब मौसम पर टिकी हुई हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

