शब्बीर अहमद, भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दतिया के कद्दावर नेता अवधेश नायक के दोबारा भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों को आज उस वक्त जबरदस्त हवा मिल गई, जब कांग्रेस द्वारा जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम पूरी तरह गायब मिला। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि अवधेश नायक का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है और वे कभी भी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
कांग्रेस ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, नायक आउट
कांग्रेस आलाकमान ने आगामी चुनावों के मद्देनजर अपने 40 स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और हरीश चौधरी समेत कई पूर्व मंत्रियों, मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों को जगह दी गई है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस कद्दावर सूची में दतिया के मुख्य चेहरा माने जाने वाले अवधेश नायक को जगह नहीं मिली है।
मंच से दूरी ने दिए साफ संकेत
संदेह और अटकलें तब और पुख्ता हो गईं जब आज आयोजित हुई कांग्रेस की बड़ी जनसभा में भी अवधेश नायक कहीं नजर नहीं आए। वे न तो मंच पर मौजूद थे और न ही कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में सक्रिय दिखे।
नरोत्तम मिश्रा से नाराजगी में छोड़ी थी BJP, अब क्यों लगी वापसी की अटकलें?
अवधेश नायक के इस राजनीतिक टर्न की इनसाइड स्टोरी बेहद दिलचस्प है। साल 2023 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अवधेश नायक तत्कालीन गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से गंभीर रूप से नाराज होकर भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस ने शुरुआत में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अवधेश नायक को दतिया से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। लेकिन स्थानीय स्तर पर हुए भारी विरोध और अंतर्कलह के बाद कांग्रेस ने उनका टिकट काटकर राजेंद्र भारती को दे दिया था, जिन्होंने नरोत्तम मिश्रा को चुनाव हराया। तभी से नायक के भीतर असंतोष पनप रहा था।
बदले समीकरण, बदले रास्ते
अब जब प्रदेश की सियासत बदल चुकी है और नरोत्तम मिश्रा मुख्य चुनावी रेस से साइडलाइन हैं, तो अवधेश नायक की बीजेपी में वापसी के कयासों ने रफ्तार पकड़ ली है। स्टार प्रचारकों की सूची से नाम कटना और आज मंच पर न दिखना, इस बात का साफ इशारा है कि वे बहुत जल्द अपनी पुरानी पार्टी में घर वापसी कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

