10 साल बाद हो रही शिक्षक पात्रता परीक्षा, परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य; गेट बंद होने के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

रांची। झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा 1 नवंबर को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें राज्यभर के करीब 4.40 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

दो पालियों में होगी परीक्षा, जानें टाइमिंग

जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा राज्यभर में बनाए गए 986 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

  • पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक। यह परीक्षा कक्षा 6 से 8 तक के उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए होगी।
  • दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक। यह परीक्षा कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए होगी।

सुबह 7:30 बजे तक पहुंचना होगा केंद्र

JAC के निर्देश के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 7:30 बजे तक और दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 12 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है।

गेट बंद होने के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र जरूरी

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रिंट किया हुआ प्रवेश पत्र और एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाना होगा। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा।

अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर पहले से मुद्रित विवरण का मिलान अपने प्रवेश पत्र से करना होगा। विवरण सही होने की पुष्टि के बाद ही उत्तर भरना शुरू करें। यदि किसी अभ्यर्थी को दूसरे परीक्षार्थी की ओएमआर शीट मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देनी होगी।

कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए पुख्ता तैयारी

परीक्षा के सफल और निष्पक्ष आयोजन के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने राज्यभर में 986 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। परीक्षा कार्य में लगाए जाने वाले शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की आकस्मिक छुट्टियां तथा लंबे अवकाश रद्द करने का निर्देश भी दिया गया है।

2016 के बाद अब हो रही JTET परीक्षा

झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा लंबे अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। राज्य गठन के बाद वर्ष 2013 में पहली बार JTET आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 68 हजार अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद वर्ष 2016 में दूसरी परीक्षा हुई, जिसमें लगभग 53 हजार अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की थी।

अब JTET-2026 के आयोजन से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को उम्मीदें हैं। परीक्षा की तारीख नजदीक आने के साथ ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा केंद्र, समय और अन्य निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।