सिद्धार्थ शरद, वैशाली। बिहार के वैशाली में आज मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना महुआ-ताजपुर सड़क पर मेडिकल कॉलेज महुआ के पास की है, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

जानकारी के अनुसार तीनों बाइक सवार युवक मेला देखकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआ मेडिकल कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक युवकों की पहचान सिंहराय पश्चिमी टोला वार्ड संख्या 16 निवासी सोहन राय के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ भोला और चांदसराय निवासी विनोद राय के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक दो भाइयों में बड़ा और अमन दो भाइयों में छोटा था। दोनों युवकों के मौत की खबर सुनकर उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की पहचान चांदसराय निवासी प्रीतम कुमार पुत्र आलोक राय के रूप में हुई है। प्रीतम घर का अकेला लड़का था। घटना के बाद से प्रीतम के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक हादसा, नदी से मिट्टी निकालने गईं 3 बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद