अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र और उसके संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है. यहां अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें- प्रदर्शन जीरो और सीट चाहिए 200..! MLC चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर राजभर का तंज, बोले- अपने मित्र राहुल जी को बधाई दी या नहीं
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है. संभावित जलभराव, तेज हवाओं और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों को जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित आपदा के दौरान जनजीवन को सुरक्षित रखना और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना है.
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 1077 और 262100 जारी किए हैं. किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलभराव या आपदा से संबंधित सहायता की आवश्यकता होने पर इन नंबरों पर सूचना दी जा सकती है. प्रशासन के अनुसार, कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- UP एमएलसी चुनाव: सपा का बड़ा उलटफेर, जानें किसे कितनी सीट मिली?
जिलाधिकारी ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर सतर्क रहने तथा राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि चक्रवाती मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे.

