Bilaspur News Update : बिलासपुर. रेलवे ने बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस को रद्द करने का निर्णय लिया है. दक्षिण पूर्व रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण तटीय रेलवे विशाखापटनम मंडल के इक्छापुरम-झाडुपूडि स्टेशनों के मध्य ट्रैक में भारी जल भराव के कारण 30 अक्टूबर को बिलासपुर एवं टाटानगर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18114/18113 बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी.
ओखा एक्सप्रेस 2 को परिवर्तित मार्ग से चलेगी
बिलासपुर. पश्चिम रेलवे राजकोट मंडल के जामवणथली-अलियावाडा सेक्शनों के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत जामवणथली स्टेशन में ब्लॉक लेकर नॉन-इंटरलाकिंग का कार्य किया जाएगा. इसके फलस्वरूप 2 नवंबर को बिलासपुर से रवाना होने वाली 22940 बिलासपुर-ओखा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया राजकोट-भक्तिनगर-वांसजालिया-कानालुस के रास्ते ओखा स्टेशन जाएगी. इस दौरान ये गाड़ी हापा एवं जामनगर स्टेशन नहीं जाएगी.
रिहाई के दौरान रील बनाना पड़ा महंगा
बिलासपुर. सोशल मीडिया पर चंद लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स बटोरने का जुनून कुछ लोगों पर इस कदर हावी है कि वे मौके की संवेदनशीलता और कानून की मर्यादा तक भूल जाते है. जेल से रिहाई जैसे गंभीर अवसर को भी रील बनाने का मौका समझने वालों पर अब पुलिस ने सख्त रूख अपनाया है. एसएसपी रजनेश सिंह की नाराजगी और निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जेल से रिहाई के दौरान रील बनाने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से थार वाहन जब्त कर दोनों के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, जेल से रिहाई के समय रील बनाने के मामले में सक्षम ध्रुव, पिता सतीश ध्रुव, निवासी कतियापारा, थाना कोतवाली तथा साहिल केवट, पिता जीवन केवट, निवासी दयालबंद, थाना कोतवाली के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थार वाहन जब्त किया. कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही और माफी मांगी. पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की है.
वीडियो वायरल, 25 हजार लेने के आरोप में पटवारी निलंबित
बिलासपुर. शासकीय राजस्व कार्य के लिए 25 हजार रुपए रिश्वत मांगने और लेने के मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सोशल मीडिया और समाचार पोर्टलों पर वायरल वीडियो के संबंध में तहसीलदार पचपेड़ी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. जांच में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं. पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी पूर्व में पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे. वर्तमान में वे तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत थे. तहसीलदार पचपेड़ी ने 28 अक्टूबर को मामले की जांच रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की थी. रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की. आदेश में पटवारी के कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है. साथ ही इसे शासन की छवि धूमिल करने वाला कृत्य बताया गया है. निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है. इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.
छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला शिक्षक निलंबित
जांजगीर-चांपा. जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला अमरपुर बिरगहनी में अध्ययनरत कक्षा पांचवीं की एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आरोपी सहायक शिक्षक रामनारायण बंजारे के विरुद्ध थाना बलौदा में अपराध दर्ज किया गया है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गंभीर आरोपों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है. जारी आदेश के अनुसार, कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा एवं जेल अधीक्षक, जिला जेल जांजगीर से प्राप्त प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि शासकीय प्राथमिक शाला अमरपुर बिरगहनी में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) रामनारायण बंजारे द्वारा 8 अक्टूबर को कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत छात्रा से बार-बार पानी मंगवाया गया. आरोप है कि पानी लेने के बहाने उसने छात्रा का हाथ पकड़कर गलत नीयत से छेड़खानी की. घटना के संबंध में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 511/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(2), 351 (3) तथा पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 9 अक्टूबर से जिला जेल जांजगीर में निरुद्ध किए जाने का उल्लेख आदेश में किया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में सहायक शिक्षक के कथित कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत गंभीर कदाचार की श्रेणी में माना गया है. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत रामनारायण बंजारे को 9 अक्टूबर से भूतलक्षी प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलौदा निर्धारित किया गया है. आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी.
कॉटन फैक्ट्री में देर रात भीषण आग
जांजगीर-चांपा. देवरहा-पीथमपुर के पास संचालित कॉटन इंडस्ट्रीज में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई. जिससे कि कॉटन फैक्ट्री में रखे लाखों के सामान जलकर खा हो गया. संचालक ने इसकी रिपोर्ट सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है. इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई है. लेकिन लाखों का कॉटन पूरी तरह से जल गया है. इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में रोजाना की तरह बुधवार को दिन भर कामकाज करने के बार कारीगर और मजदूर रात में विश्राम कर कर रहे थे. इसी दौरान रात करीबन 12 बजे के बाद अचानक फैक्ट्री से धुंआ फैलने लगा. जिससे मजदूरों कोसांस लेने में तकलीफ होने पर जब कारीगरों और मजदूरों ने उठकर देखा तो फैक्ट्री में आग लग गई थी. इसकी सूचना तत्काल संचालक को दी गई. आग की भयावता को देखते हुये सभी कारीगर एवं मजदूर को बाहर निकाल लिया गया. इसकी सूचना तत्काल फॉयर बिग्रेड को दी गई तो फॉयर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग इतनी भयावह थी कि आग को बूझाने में सुबह 9 बजे तक का समय लग गया. फिलहाल इसकी सूचना गोविंद अग्रवाल निवासी चांपा ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है. कॉटन फैक्ट्री में टुकड़े कपड़े से गद्दे तकिये बनाते हैं. यहां पर टेलर दुकानों से दुकाना आने वाले तुकड़ो में मिलने वाले कपड़ो को लाया जाता है. उससे रूई बनाकर तकिये गद्दे बनाये जाते हैं. चूंकि आग ऐसे रूई में काफी तेजी से फैलता है. जिससे कि देखते ही देखते आग की लपेट ज्यादा हो गई. चांपा थानान्तर्गत ग्राम सिवनी के चांपा मोड़ स्थित वेल्डिंग दुकान में अज्ञात कारणों से आग गई. जिसे काफी मशक्कत कर बुझाया गया. दुकान में आग लगने से संचालक को काफी अधिक नुकसान हुआ है. ऐसे में वह नुकसानी का आंकलन करने में जुटा हुआ है.
बारदाना गोदाम में आग, लाखों की गठानें जलकर खाक
रायगढ़. जिले में जिला विपणन विभाग के बारदानों के भंडारण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. कोड़ातराई से कुछ आगे सुरीं गांव स्थित एक निजी गोदाम में रखे बारदानों में आग लगने से बड़ी संख्या में गठानें जलकर खाक हो गईं. आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के लिए छह टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया. इस घटना से शासन को भारी आर्थिक क्षति होने का अनुमान है, हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी स्पष्ट नहीं है. दमकल विभाग की दो वाहनों को आग पर काबू पाने के लिए दस चक्कर काटने पड़े. आग की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दमकल वाहन से लगातार पानी की बौछार करते रहना पड़ा. इसके लिए दमकल विभाग को काफी मेहनत करनी पड़ी. जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर सुर्री गांव स्थित एक निजी गोदाम में बारदाने रखे गए थे. सुबह करीब छह बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल टीम को बुलाया गया. वहीं सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि गोदाम से तड़के करीब चार बजे ही धुआं निकलते देखा गया था. ऐसे में आग लगने और इसकी सूचना मिलने के बीच के घटनाक्रम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. मौके पर बारदानों की बड़ी संख्या में गठानें दिखाई दीं. आग की चपेट में आकर कई गठानें जल गईं. हालांकि आग से कुल कितने बारदाने नष्ट हुए और कितने का नुकसान हुआ इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. जिला विपणन अधिकारी जान्हवी जिल्हारे ने बताया कि इस गोदाम में पिछले 4-5 सालों में कोई नए बारदाने भेजे ही नहीं गए थे. यहां सिर्फ अमानक और अनुपयोगी बारदानों को ही रखा गया था. जो किसी काम के नहीं थे इसके निस्तारण के लिए शासन स्तर पर पत्राचार भी किया गया है. और बीमा कंपनी को भी आग लगने की सूचना दे दी गई है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

