सत्या राजपूत, रायपुर। त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर खाद्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को रायपुर में विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक छापेमारी की। इस दौरान कहीं मिठाई बनाने में इस्तेमाल हो रहे दूध में कीड़े मिले तो कहीं ब्रेड फैक्ट्री के अंदर चूहे घूमते नजर आए। कई जगहों पर गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार और स्टोर की जा रही थी। जांच के बाद तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड को नष्ट कराने के साथ ही एक अन्य प्रतिष्ठान से हजारों किलो पैक्ड मिठाई जब्त की गई।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल खुद टीम के साथ जांच के लिए निकले। बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के निर्देश पर चलाया गया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

खत्री स्वीट्स में दूध में मिले कीड़े, मिठाइयों की गुणवत्ता भी संदिग्ध
बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में जांच के दौरान मिठाई बनाने की जगह पर साफ-सफाई की गंभीर कमी मिली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मिठाई निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े तैरते पाए गए। इसके अलावा काजू और तैयार मिठाइयों की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया।
टीम ने मौके से काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम समेत अन्य खाद्य सामग्री को नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।

ब्रेड फैक्ट्री में चूहे घूमते मिले, 80 किलो ब्रेड नष्ट
समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में भी सफाई व्यवस्था की स्थिति खराब मिली। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में कई चूहे घूमते दिखाई दिए। स्टोर रूम में भी गंदगी थी। ऐसे माहौल में ब्रेड का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं होने पर विभाग ने यहां से अलग-अलग तरह की करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई। जांच के बाद इस फर्म का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।
अग्रवाल मिठाई वाला से 165 किलो से ज्यादा मिठाई नष्ट
रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला के निर्माण स्थल पर भी फर्श पर गंदगी मिली। टीम ने यहां से बेसन, लड्डू और घी के सैंपल जांच के लिए लिए।
इसके अलावा बड़ी मात्रा में तैयार मिठाइयों को नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। इसमें 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स शामिल है। चाट मसाले के 4 पैकेट भी नष्ट कराने की कार्रवाई की गई। इस प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कृष्णा स्वीट्स बिना लाइसेंस चला रहा था कारोबार, 4.7 टन से ज्यादा मिठाई जब्त
कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में जांच के दौरान एक अलग तरह की अनियमितता सामने आई। यह प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रहा था। यहां अलग-अलग तरह की पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग की जाती थी।
विभागीय टीम ने यहां से कुन्दा और मैसूर पाक के सैंपल लिए। साथ ही 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया गया। यानी कुल 4,792 किलो पैक्ड मिठाई जब्त की गई है।
तीन फर्मों के लाइसेंस निलंबित, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग ने खत्री स्वीट्स, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। तीनों प्रतिष्ठानों को स्वच्छता के निर्धारित मानकों को पूरा करने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, वे हाइजीन से जुड़े सभी मानकों को पूरा करने के बाद ही दोबारा कारोबार शुरू कर सकेंगे। वहीं, अलग-अलग दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल की लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

