रायगढ़। गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे करीब 39 टन लोहे में से 5 टन की हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोपी ट्रक चालक ने अपने भाई और गैरेज संचालक के साथ मिलकर हेराफेरी की साजिश रची थी। मामले का खुलासा होने के बाद पूंजीपथरा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत के दो क्वायल बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से रायपुर की पवन पुत्र ट्यूब्स के लिए 38.900 टन लोहा ट्रक में लोड कर रवाना किया गया था। 11 सितंबर को ट्रक रायपुर पहुंचा तो धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम निकला। गड़बड़ी सामने आते ही ट्रक चालक मुरली साहू ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

इसके बाद कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय (उम्र 28 साल) ने 22 सितंबर को पूंजीपथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान 30 अक्टूबर को पुलिस ने मुरली साहू को गेरवानी क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि उसने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने (30), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को ड्राइविंग लाइसेंस और दूसरे दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुरली ने अपने भाई को सहयोग किया था। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने चेतन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी साजिश की परतें खुलने लगीं। चेतन ने बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता (उम्र 25 साल), निवासी बाईपास रोड दरोगामुड़ा से हुई थी। दोनों ने मिलकर ट्रक से लोहा निकालने और बाद में उसे बेचने की योजना बनाई थी।

योजना के मुताबिक, 9 सितंबर को चेतन ने अपने भाई मुरली के ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर प्लांट से ट्रक निकलवाया। इसके बाद बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते पर ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतार दिए गए। माल को ठिकाने लगाने के बजाय पहले हरिओम गैरेज में छिपाकर रखा गया, ताकि बाद में उसे बेचा जा सके।

चेतन से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने गैरेज में दबिश दी। वहां से संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गैरेज से करीब 5 टन वजन के लोहे के दोनों क्वायल बरामद कर लिए। बरामद माल की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने मामले में मुरली साहू, चेतन साहू उर्फ रामजाने और संतोष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। संतोष और चेतन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H