तमिलनाडु की राजनीति में इस वक्त बड़ा भूचाल देखने को मिल रहा है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख Joseph Vijay की राजनीतिक पकड़ लगातार मजबूत होती नजर आ रही है। दरअसल, AIADMK के चार विधायकों ने अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। इनमें से तीन विधायक अब TVK का दामन थाम चुके हैं, जबकि चौथे के भी जल्द पार्टी में शामिल होने की बात सामने आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, इन सभी विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर जेसीडी प्रभाकर को सौंप दिया है। अब माना जा रहा है कि ये नेता आगामी उपचुनाव TVK के चुनाव चिन्ह पर लड़ सकते हैं। इस घटनाक्रम ने AIADMK चीफ Edappadi K. Palaniswami की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खबर है कि पार्टी के बागी विधायकों की संख्या अब बढ़कर 17 तक पहुंच गई है।
विजय को मिल सकता है बड़ा राजनीतिक लाभ
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में AIADMK के और विधायक TVK में शामिल होते हैं, तो इसका सीधा फायदा विजय को मिलेगा। एक तरफ उनके सहयोगी दलों की नाराजगी कम होगी, वहीं दूसरी तरफ विधानसभा में TVK का आंकड़ा और मजबूत हो सकता है। फिलहाल TVK के पास 107 विधायक बताए जा रहे हैं और बागी नेताओं के शामिल होने से पार्टी अपने दम पर बहुमत के पार पहुंच सकती है।
इस्तीफा देने वाले विधायक
मदुरांतगम विधायक मरगदम कुमारवेल
पेरुंदुरई विधायक जयकुमार
दारापुरम विधायक सत्यभामा
अंबासमुद्रम विधायक ई. सुबैया
पलानीस्वामी ने स्पीकर से की अपील
इस पूरे घटनाक्रम के बीच AIADMK नेतृत्व ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी महासचिव पलानीस्वामी ने स्पीकर को पत्र लिखकर बागी विधायकों के इस्तीफे स्वीकार न करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इन विधायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लंबित है, इसलिए जांच पूरी होने तक उनके इस्तीफों पर फैसला नहीं लिया जाना चाहिए।
चुनावी आंकड़ों ने बढ़ाई दिलचस्पी
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। विजय खुद दो सीटों से विजयी हुए थे। वहीं DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिली थीं, जबकि बाकी 20 सीटें अन्य दलों के खाते में गई थीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

