गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर आई लुक चश्मा दुकान के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

टक्कर मारकर फरार हुआ आरोपी
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ज्योतिपुर (गौरेला) निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है। वह रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था। शुक्रवार को पेंड्रा में काम निपटाने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष के सिर में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस और पेंड्रारोड के एसडीएम मौके पर पहुंचे। घायल युवक को 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर CG28J5590 बताया गया है। पुलिस फरार टाटा मैजिक चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा। साथ ही अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

