संजीव, सोनीपत। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देश पर जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने गांव रायपुर और बड़वासनी में बन रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया है। प्रशासन का यह कदम उन लोगों के लिए सख्त चेतावनी है जो बिना अनुमति के निर्माण कार्य कर रहे हैं।

पांच एकड़ जमीन पर की गई कार्रवाई

जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह ने बताया कि गुरुवार को गांव रायपुर की राजस्व संपदा और गांव बड़वासनी में ईवान फार्म के पास बनी अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला। इस दौरान करीब पांच एकड़ इलाके में अवैध रूप से की गई छह चारदीवारी और एक निर्माणाधीन ढांचे को मौके पर ही गिरा दिया गया। विभागीय टीम ने निर्माण के लिए डाली गई डीपीसी यानी नींव के ऊपर बनी दीवार को भी हटा दिया है।

मेहनत की कमाई हो सकती है बर्बाद

अधिकारी ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि वे ऐसी किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने की गलती न करें। अवैध कॉलोनियों में न तो सरकारी सड़क की सुविधा होती है और न ही पानी, सीवरेज या बिजली का कनेक्शन मिलता है। बिना मंजूरी के कटी कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों की मेहनत की कमाई डूब सकती है। भविष्य में होने वाली कानूनी दिक्कतों से बचने के लिए प्लॉट खरीदने से पहले यह जरूर देख लें कि कॉलोनी नियमानुसार स्वीकृत है या नहीं।

निगरानी के लिए बनाई गई विशेष टीम

प्रशासन ने जिले भर में अवैध कॉलोनियों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अगर कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के कॉलोनी विकसित करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सीधा मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। यदि आप किसी जमीन या कॉलोनी के बारे में सही जानकारी चाहते हैं, तो सोनीपत के सेक्टर 15 स्थित एचएसवीपी कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर स्थित जिला नगर योजनाकार कार्यालय में जाकर संपर्क कर सकते हैं।