तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पार्टी के स्टार फेस के. अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद अब प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष कारू नागराजन ने भी शुक्रवार को बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है।
नागराजन ने अपने इस्तीफे के साथ ही बताया कि वह अन्नामलाई के राजनीतिक आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने अन्नामलाई को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने अब कई विचारों पर आधारित एक नया आंदोलन शुरू किया है, जिसमें राजनीति में युवाओं की ज्यादा भागीदारी को बढ़ावा देना भी शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि, राज्य में बनी विजय सरकार के खिलाफ हम खुलकर खड़े होंगे।
‘विजय सरकार के खिलाफ होगी हमारी राजनीति’
नागराजन ने कहा कि हमने अन्नामलाई के साथ जुड़ने और उनके शुरू किए गए संगठन को हर संभव समर्थन देने का फ़ैसला किया है। बकौल नागराजन, अन्नामलाई को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। हम अपनी मर्जी से भाजपा नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौपेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि हमारी राजनीति व्यक्तिगत रूप से विजय के खिलाफ नहीं होगी। लेकिन यह विजय के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ हो सकती है।
उन्होंने कहा, ”सत्ता में मौजूद किसी भी सरकार की गलतियों को बताना लोकतांत्रिक ज़िम्मेदारी है। अगर तमिलनाडु में बार-बार नेता बदले जाते हैं, तो राज्य में सार्थक राजनीतिक बदलाव कैसे लाया जा सकता है? भाजपा के कई पदाधिकारी स्वेच्छा से आगे आए हैं और मेरे साथ अन्नामलाई के प्रति अपना समर्थन जताया है। अन्नामलाई तमिलनाडु के लोगों की पसंद के नेता के तौर पर उभरेंगे।”
10 घंटे में अन्नामलाई की पार्टी से जुड़े 10 लाख लोग
बता दें कि, तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में बीजेपी की करारी हार के बाद तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को बीजेपी से औपचारिक रूप से इस्तीफा देते हुए नई पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ को लॉन्च कर दिया। अस्तित्व में आते ही इस पार्टी को जबरदस्त समर्थन मिला है. के. अन्नामलाई के अनुसार 10 घंटे में 10 लाख से अधिक लोग इस आंदोलन से जुड़ गए हैं.
अन्नामलाई बोले- मेरे मन में पीएम मोदी के लिए बहुत सम्मान
भाजपा की तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। अन्नामलाई ने कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और नए समावेशी एजेंडे के तहत अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने घोषणा की कि वह नया राजनीतिक दल बनाएंगे और तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे। अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, ”मेरे मन में प्रधानमंत्री मोदी के लिए बहुत सम्मान है।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

