शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से बाहर हुए मतदाताओं को फिर से मौका मिलने जा रहा है। SIR में करीब साढ़े चार लाख नाम कटे थे, जिसमें से अब तक 71 हजार नाम दोबारा जोड़े जा चुके हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि यह आंकड़ा 1 लाख 80 हजार तक पहुंच सकता है। नाम जुड़वाने और हटवाने की इस कवायत पर कांग्रेस की तीखी नजर होगी। इसे लेकर जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।

दरअसल, SIR के दौरान शिफ्ट और अनुपस्थित बताए गए मतदाताओं के नाम काटे गए थे। ऐसे एक लाख से ज्यादा मतदाताओं की तलाश के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें घर-घर अभियान चला रही हैं। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। अब तक नए और शिफ्ट हुए मतदाताओं के करीब 14 हजार आवेदन भी आए हैं।

इधर, चुनाव आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 2 नवंबर से यह प्रक्रिया शुरू होगी। 12 नवंबर को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट प्रकाशित होगा और 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए आवेदन लिए जाएंगे। फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी 2027 को आएगी।

राहत की बात

 SSR में मतदाताओं को 2003 का रिकॉर्ड देने की जरूरत नहीं होगी। अगर आपका नाम दूसरे राज्य में शिफ्ट होने के कारण कटा है और आप भोपाल में ही रह रहे हैं, तो सिर्फ Form-6 भरकर दोबारा जुड़वाया जा सकता है। सभी आवेदन वोटर हेल्पलाइन एप या http://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन किए जा सकेंगे।

मामले को लेकर कांग्रेस ने अपनी विशेष तैयारी की है। कांग्रेस वरिष्ठ नेता जेपी धनोपिया ने बताया कि पहले SIR की प्रक्रिया में बीजेपी संगठन, सरकार ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़े स्तर पर गड़बड़ियों को अंजाम दिया था। अब प्रक्रिया को लेकर कवायद फिर शुरू की गई है। एक एक वाटर पर कांग्रेस की नजर है इसे लेकर जिम्मेदारियां भी तय की गई है। संगठन न इलेक्शन कमिशन की इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है बल्कि सूची का भी विस्तृत रूप से पार्टी स्तर पर परीक्षण भी किया जाएगा। 

मामले पर भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि बीजेपी भी यही चाहती है कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल इस प्रक्रिया पर अपनी नजर रखें ताकि दूध का दूध और पानी का पानी सामने हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना होगा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 99 चुनाव कांग्रेस हार चुकी है। अब हार की शतक बनाने की तैयारी में कांग्रेस है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m