सत्या राजपूत, रायपुर। अग्निवीर भर्ती (Agniveer Recruitment) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रायपुर में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह ट्रेनिंग 4 मई से शुरू होकर 4 जून तक चलेगी, जिसमें शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

दरअसल, अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक संचालित की गई थी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का मौका देने के लिए रायपुर रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा यह विशेष कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार विभाग के वेब पोर्टल erojgar.cg.gov.in अथवा मोबाइल पर उपलब्ध Chhattisgarh Rojgar App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

यह निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला एवं विकासखंड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से प्रदान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय रायपुर में संपर्क कर सकते हैं।