Agra Murder Case: भरतपुर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस जांच के साथ नए-नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपी पत्नी रूबी शर्मा से मनोवैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की मौजूदगी में लंबी पूछताछ की गई, जिसमें कई बातें सामने आई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद और लगातार हो रहे झगड़ों ने उसके मन में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया था, जो बाद की घटनाओं के बाद और बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र की हत्या के बाद रूबी ने शव को घर के बाथरूम के कच्चे फर्श के नीचे दफना दिया और ऊपर से प्लास्टर करवा दिया। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। 3 जुलाई को सुरेंद्र के भाई को शक होने पर पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कराई, जहां से कंकाल बरामद हुआ।
अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी और की भूमिका थी या नहीं। साथ ही हत्या की पूरी साजिश और इसके पीछे की असली वजह की भी पड़ताल की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि 16 मई को सुरेंद्र ने भरतपुर में अपने मामा के घर पर हंगामा किया था। इस दौरान मामा के परिवार ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद वह आगरा लौटा और पत्नी से विवाद करने लगा। आरोप है कि वह रूबी को अपने साथ भरतपुर ले गया और उस पर मामा के घर जाकर उसके गायब होने का नाटक करने का दबाव बनाया।
रूबी के अनुसार, मामा के घर पहुंचने पर उसे वहां से डांटकर भगा दिया गया। इसके बाद पति ने भी उसके साथ मारपीट की। पुलिस पूछताछ में रूबी ने बताया कि इसी घटना के बाद उसके मन में पति को रास्ते से हटाने का विचार आया। आरोप है कि उसने खीर में नींद की गोलियां मिलाकर सुरेंद्र को बेहोश किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
बाथरूम का फर्श बनाने वाले मिस्त्री रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि वह रूबी को पहले से नहीं जानता था। पड़ोस में काम करने के दौरान रूबी ने उसे बाथरूम का फर्श बनवाने के लिए बुलाया था।
रवि के मुताबिक, जब वह अगले दिन पहुंचा तो देखा कि रूबी खुद बाथरूम में मलबा भर रही थी। उसने मजदूर बुलाने की सलाह दी, लेकिन रूबी ने मना कर दिया और कहा कि वह खुद यह काम कर लेगी। उसने निर्माण सामग्री लाने के लिए रवि को 500 रुपये भी दिए थे।
मामले का खुलासा सुरेंद्र के भाई अनिल की शिकायत के बाद हुआ। अनिल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की पेंशन सुरेंद्र के खाते में आती थी और दोनों भाई उसे आपस में बांटते थे। सुरेंद्र के गायब होने के बाद जब उन्होंने एटीएम कार्ड के बारे में रूबी से पूछा तो उसने अनजान होने की बात कही।
बाद में बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खाते से आगरा में ही रकम निकाली गई थी। इससे अनिल का शक और गहरा गया। जब उन्होंने रूबी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने खुदाई कराई और फर्श के नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया।
पढ़ें ये खबरें
- अब UP में बिना GST नहीं मिलेगी मान्यता! अब फीस के साथ जेब से ढीला होगा 18% GST, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
- पेड़ों पर लगाए QR कोड, जापान तक पहुंचा प्रोजेक्ट… मिलिए भोपाल की टीचर अर्चना शुक्ला से जिन्हें मिलेगा ‘राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान’
- Bihar Top News 22 august 2026: PhD होल्डर्स का प्रदर्शन, बीजेपी ने तेजस्वी के खिलाफ दर्ज कराई FIR
- Haryana Top News : HTET 2026 का रिजल्ट जारी, 16.57% अभ्यर्थी पास; BPSMV कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, सरकार ने 43.17 करोड़ रुपये किए जारी; CM नायब सिंह सैनी ने युवाओं को बताया प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत समेत दिनभर की बड़ी खबरों पर एक नजर
- बदहाली के आंसू रो रहा राजधानी का ‘सैर सपाटा’, करोड़ों की सुविधाएं ठप! निगम पर बढ़ा आर्थिक बोझ
