फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में 300 फीट के अचानक ड्रॉप और यात्रियों के घायल होने के मामले में नया और गंभीर मोड़ सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, उड़ान के पायलट-इन-कमांड का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट में मारिजुआना यानी गांजा सेवन की पुष्टि होने की बात कही जा रही है।
दूसरे डोप टेस्ट में भी गांजा सेवन की पुष्टि
घटना के बाद तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत दोनों पायलटों का साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराया गया था। शुरुआती स्क्रीनिंग में मुख्य पायलट का सैंपल पॉजिटिव आया था। इसके बाद पुष्टि के लिए सैंपल दूसरी लैब भेजा गया।
सूत्रों का दावा है कि दूसरी लैब की रिपोर्ट में भी मारिजुआना के सेवन की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस रिपोर्ट पर Air India की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
क्या टर्बुलेंस के वक्त कॉकपिट में मौजूद थे पायलट?
जांच में एक और अहम सवाल उठ रहा है कि विमान के अचानक करीब 300 फीट नीचे आने के समय पायलट-इन-कमांड अपनी सीट पर मौजूद थे या नहीं। जांच एजेंसियां कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) की मदद से घटना की टाइमलाइन और कॉकपिट में दोनों पायलटों की स्थिति का पता लगा रही हैं।
13 यात्री और 4 क्रू सदस्य हुए थे घायल
4 अगस्त को एयर इंडिया की A320 उड़ान AI2379 क्रूज के दौरान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। घटना में 13 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। विमान बाद में दिल्ली में सुरक्षित उतर गया।
AAIB कर रहा हादसे की जांच
मामले की जांच Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) कर रहा है। जांच में ब्लैक बॉक्स डेटा के अलावा अन्य तकनीकी और परिचालन पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। एयरबस और फ्रांस के BEA की टीमें भी जांच में सहयोग के लिए दिल्ली पहुंच रही हैं।
डोप टेस्ट रिपोर्ट की पुष्टि होने पर पायलट के खिलाफ नियामकीय और कानूनी कार्रवाई का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष आधिकारिक जांच और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


