हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रेंट की कार के विवाद ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के ललितपुर निवासी मेडिकल स्टूडेंट अंशु ने गो विथ कार के संचालकों पर अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट करने और 75 हजार रुपये छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि 22 जून को हुई इस कथित घटना के कई दिन बाद भी पीड़ित न्याय के लिए थानों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
READ MORE: आंख मत दिखाइए… तहसीलदार पर भड़के पूर्व मंत्री, अधिकारी ने भी तमीज में रहने की दी नसीहत, देंखें Video
पीड़ित अंशु के मुताबिक वह निजी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर आया था। शहर में आने के बाद उसने गो विथ कार से एक कार किराए पर ली थी। इसी दौरान कार पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई। अंशु का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी से जुड़े शुभम यादव और वंश यादव मौके पर पहुंचे और बातचीत के बहाने उसे अपने साथ ले गए। अंशु का दावा है कि उसे जबरन बेटमा ले जाकर होटल 777 में बंधक बनाकर रखा गया। वहां कार के नुकसान की भरपाई के नाम पर दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसके पास मौजूद करीब 75 हजार रुपये भी छीन लिए गए।
READ MORE: हाईवे पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर: पिता-पुत्र की मौत, शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे दोनों
पीड़ित के पिता ने बताया कि पहले कार के नुकसान का खर्च 95 हजार रुपये बताया गया था। बाद में एक परिचित की मध्यस्थता से 40 हजार रुपये में समझौता हुआ। परिवार का आरोप है कि 40 हजार रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने अंशु के पास मौजूद नकदी भी अपने कब्जे में ले ली। अंशु ने बताया कि वह पहले इंदौर में रहकर पढ़ाई कर चुका है और वर्तमान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद से वह लगातार सहयोगितागंज थाना, आजाद नगर थाना और भंवरकुआं थाना के चक्कर लगा रहा है।
उसका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही किसी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस पूरे मामले में पीड़ित ने शुभम यादव, वंश यादव और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर रखने, मारपीट और रुपये छीनने के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि पीड़ित के आरोप सही हैं तो 22 जून की घटना के बाद भी आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

