रायपुर। दिल्ली से लेकर देश के कई राज्यों में आम आदमी पार्टी की नींव तैयार करने वाले केजरीवाल के रणनीतिकार संदीप पाठक भाजपा के साथ चले गए हैं. संदीप पाठक मूलतः छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, लेकिन बीते दो दशक से अधिक समय से दिल्ली के केन्द्र में है. वहीं अरविंद केजरीवाल के साथ अन्ना आंदोलन के साथ से जुड़े रहे हैं. आम आदमी पार्टी के गठन से लेकर राज्यों में विस्तार और दिल्ली से पंजाब तक सरकार बनाने में उनकी बड़ी रणनीतिक भूमिका रही है.

संदीप पाठक को केजरीवाल के सबसे भरोसेमंद साथी के तौर पर अब तक देखा जाता रहा है. कहा जाता है कि पंजाब में पार्टी को खड़ा करने से लेकर रिकॉर्ड जीत के पीछे एक रणनीतिक चेहरा संदीप पाठक ही रहे हैं.

केजरीवाल जब जेल में रहे तब उन्होंने संगठन की सारी जिम्मेदारी उन्हीं के भरोसे छोड़ दी थी. एक समय तक तो यह भी चर्चा रही कि दिल्ली में वे सीएम चेहरा भी हो सकते हैं. वे आप में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी लंबे तक संभालते रहे हैं. पंजाब में पार्टी को मिली रिकॉर्ड जीत के बाद में उन्हें पंजाब से ही राज्यसभा भेजा गया. साथ ही छत्तीसगढ़ का प्रभारी भी बनाया गया था. इसके पीछे एक बड़ी वजह यह रही कि मुंगेली के रहने वाले छत्तीसगढ़िया पाठक राज्य में पार्टी को मजबूती से स्थापित करेंगे. 2028 के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच तीसरा विकल्प पार्टी को बनाएंगे.

प्रभारी और राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने शुरुआत में अपनी कुछ सक्रियता भी दिखाई थी, लेकिन धीरे-धीरे सक्रियता कम होती चली गई. अब उनके भाजपा में जाने के बाद छत्तीसगढ़ में आप की स्थिति क्या होगी ? इस पर पार्टी के अंदर चर्चा होने लगी है. क्योंकि राज्य में वैसे ही पार्टी धीरे-धीरे कमजोर होती चली गई और अब उनके भाजपा में जाने के बाद पार्टी के टूटने की आशंका और तेज हो गई है. 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य के तत्कालीन आप अध्यक्ष कोमल हुपेंडी सहित कई नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे.

फिलहाल संदीप पाठक की भूमिका भाजपा में क्या होगी और छत्तीसगढ़ को लेकर उन्हें कोई काम दिया जाएगा या नहीं ये तो नहीं पता, लेकिन उनका स्वागत राज्य के भाजपा नेता जरूर कर रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश गुप्ता संदीप पाठक ने स्वागत करते हुए सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखा है- ‘भारतीय जनता पार्टी में संदीप पाठक एवं राघव चड्डा का स्वागत है.
संदीप जी छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक नगर मुंगेली से हैं. मुंगेली परिवार आपको शुभकामनाएं देता है. सुनहरे राजनैतिक जीवन की शुभकामनाएं.

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आप सांसदों के भाजपा प्रवेश पर कहा है कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है. नियति और नियम बीजेपी में है. यह बताता है कि प्रधानमंत्री पर सबका विश्वास बढ़ता जा रहा है.

वहीं इस मामले में छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने कहा है कि भाजपा की तोड़-फोड़ की राजनीति सफल नहीं होगी. राज्य में आप मजबूत है. किसी के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H