पंकज श्रीवास्तव, छपरा। पुलिस कर्मी की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था का पालन करना और करवाना है, लेकिन अगर पुलिसकर्मी ही कानून व्यवस्था को ठेगा दिखाएं और वर्दी के रोब में अनैतिक काम करें तो उसके लिए क्या सजा होनी चाहिए? समय-समय पर पुलिस वाले वर्दी के रोब में अनैतिक कृत्य को अंजाम देते हैं। जिससे कि पूरे पुलिस मोहकमे की बदनामी होती है।

एएसपी विनीत कुमार ने किया निलंबित

ऐसे ही एक घटना सारण जिले के गरखा थाना में हुई है। जहां एक सब इंस्पेक्टर के द्वारा आधी रात को महिला को अश्लील मैसेज भेजने और आपत्तिजनक बात करने का मामला सामने आया है उसके बाद यह बात पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंची। इस बात की जांच शुरू की गई जांच में गड़खा थाना में तैनात ASI मनीष कुमार दोषी पाये गए, जिसके बाद सारण एसएसपी विनीत कुमार ने बड़ा एक्शन लेते हुए एएसआई मनीष कुमार को निलंबित कर दिया है।

पुलिस कर्मियों में हड़कंप की स्थिति

इस घटना से पुलिस कर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, एसएसपी कार्यालय से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि पुलिस कर्मियों के द्वारा स्वच्छ आचरण एवं व्यवहार एवं कर्तव्य निष्ठा का पूरी तरह से पालन किया जाना चाहिए। इसमें कोताही बरसाने वाले पुलिस कर्मियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गरखा थाना में पद स्थापित ASI मनीष कुमार को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है और उन पर पुलिस मैनुअल के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सीतामढ़ी में यौन शोषण करने वाला ASI बर्खास्त

आपको बता दें कि ऐसा ही एक मामला बीते 9 जून, 2026 को सीतामढ़ी जिले से सामने आया था, जहां पर एक महिला ने ASI शांति प्रकाश कुजूर पर महिंदवारा थाने में तैनाती के दौरान एक महिला को शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसका यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था। मामले में पीड़ित महिला ने शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद हुए जांच में दोषी पाए जाने पर एसपी अमित रंजन ने एएसआई शांति प्रकाश कुजूर को हमेशा के लिए सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

ये भी पढ़ें- अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बालू से लदा ट्रैक्टर छोड़ फरार हुआ रेत माफिया