लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरी ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर चैंपियनशिप 2025-26 (All India Police Badminton Cluster Championship 2025-26) को संबोधित करते हुए कहा कि “उत्तर प्रदेश भारत की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है. 25 करोड़ की आबादी इस राज्य मं निवास करती है. 25 करोड़ की आबादी में से इसमें 56% आबादी वर्किंग फोर्स यानी युवा है. जनसंख्या जितनी स्वस्थ होगी, ये आबादी उतने ही बेहतर परिणाम हमें प्रस्तुत करेगी. खेल के मैदान में जिस अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण से एक खिलाड़ी को तैयार किया जाता है, जिसके माध्यम से एक ऐसे व्यक्तित्व को तराशने का कार्य होता है जो राष्ट्र को सशक्त, सुरक्षित और विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है.”

योगी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि ‘हमारी परंपरा इस बात को मानती है – ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’. जीवन के जितने भी साधन हैं, वे स्वस्थ शरीर से ही संभव हो सकते हैं और इसके लिए आवश्यक है कि व्यक्ति अपने दैनिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद की गतिविधियों को भी जीवन का हिस्सा बनाए. खेल के मैदान में सिखाया जाने वाला अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण एक खिलाड़ी के व्यक्तित्व को इस प्रकार तराशता है कि वह राष्ट्र को सशक्त, सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है. हर मेडल के पीछे संघर्ष और कभी हार न मानने के संकल्प की एक कहानी होती है. टैलेंट शुरुआत देता है, लेकिन मेहनत ही हमें लक्ष्य तक पहुंचाती है. जितना पसीना बहेगा, जीत उतनी ही बड़ी होगी. खेल हमें गिरना, उठना और फिर जीतना सिखाता है.’

इसे भी पढ़ें : कौन खा रहा है इनका राशन? महिला को मृत बताकर बनाए गए 10 राशन कार्ड, दो महीने से नहीं मिला अनाज, सीएम से शिकायत

सीएम ने आगे कहा कि ‘आज खेल ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है. ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और सांसद खेलकूद प्रतियोगिता जैसे अभियान समाज के अंतिम पायदान पर बैठे खिलाड़ी को भी एक ऐसा प्लेटफार्म उपलब्ध करा रहे हैं, जो उसे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतरीन अवसर प्रदान करता है. इसी का परिणाम है कि आज ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की भागीदारी भी बढ़ी है और अभूतपूर्व सफलता भी मिल रही है. उत्तर प्रदेश देश के उन राज्यों में है, जिन्होंने कुशल खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती, पदोन्नति और नकद पुरस्कार की एक पारदर्शी व्यवस्था लागू की है. हमारी सरकार ने खिलाड़ियों के सम्मानजनक करियर निर्माण के लिए नौकरियों में 2% हॉरिजॉन्टल रिजर्वेशन की व्यवस्था भी की है.