बलरामपुर. जिले से लगे उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक के हाथ बांधकर उसकी पिटाई की और उसे अर्धनग्न कर जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया. युवक को कथित तौर पर निजी अंग में पत्थर बांधकर प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के भाई और भाभी के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है. घटना में घायल युवक की पहचान भोला के रूप में हुई है. उसे इलाज के लिए बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ में खौफनाक वारदात: दोस्तों संग ‘पार्टी’ करने निकला था युवक, सुबह दरवाजे पर इस हाल में मिला शव… पूरे इलाके में मची चीख-पुकार!
भाई की तहरीर पर मामला दर्ज
घटना के संबंध में घायल युवक के भाई ने बभनी थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. पुलिस घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों और शिकायत के आधार पर जांच कर रही है.


