कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने कल 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम सम्राट चौधरी समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल थे। बीजेपी द्वारा स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी करने पर सियासत भी शुरू हो गई है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि, लालू जी और तेजस्वी यादव के डर से भाजपा बैचेनी में है।

‘राजद के डर से जारी की जंबो स्टार प्रचारकों की सूची’

एजाज अहमद ने कहा कि, इस बार बांकीपुर के उपचुनाव में भाजपा इतना हताश हो गई है कि पहले कैंडिडेट बदल दिया और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर कई केंद्रीय मंत्री के साथ जंबो स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। उन्होंने कहा कि, यह सिर्फ और सिर्फ राजद के उम्मीदवार के डर से ही किया जा रहा है। क्योंकि जनता अब इनके साथ नहीं है।

हमारी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को अपार जनसमर्थन मिल रहा है, जिसे देख भाजपा के लोग पूरी तरह से बौखला कर कुछ से कुछ निर्णय ले रहे हैं, लेकिन जनता इनके जंबो स्टार प्रचारकों की बात इस बार नहीं सुनेगी। जनता लालू और तेजस्वी के विचारधारा के साथ है।

बीजेपी के स्टार प्रचारकों की सूची

गौरतलब है कि कल मंगलवार को बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह और डॉ. संजय जायसवाल,रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे, राज भूषण चौधरी, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप जायसवाल, अश्विनी कुमार चौबे और विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य दिग्गज और मझे हुए नेता शामिल हैं, जो बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार प्रसार कर उम्मीदवार नीरज सिन्हा की जीत के लिए जनता से मुलाकात कर उनसे बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत 57 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिसमें से नामांकन पत्र जांच के बाद जजद की वीणा मानवी समेत 18 उम्मीदवारों का पर्चा खारिज कर दिया गया है। ऐसे में अब बचे 39 प्रत्याशियों के बीच बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला होगा। बता दें कि चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘तो इस लायक भी नहीं रहते तेजस्वी’, बांकीपुर उपचुना को लेकर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान