कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में मंत्री भगवान कुशवाहा ने आज जदयू कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि, प्रशांत किशोर कुछ भी कर ले वे चुनाव जीतने वाले नहीं हैं। भगवान कुशवाहा ने कहा कि, पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने क्या कहा था? जनता को सब याद है। अब क्या कह रहे हैं?जनता यह भी देख रही है।

एनडीए उम्मीदवार की जीत तय- भगवान कुशवाहा

मंत्री भगवान कुशवाहा ने कहा आगे कहा कि, उनके पार्टी के अंदर फिर से भगदड़ मचा हुआ है। अच्छे-अच्छे नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। चुनाव के समय में कभी आप लोग ऐसा देखें है? आज देख लीजिए…उनके पार्टी में ये सब क्या हो रहा है? इसका मतलब साफ है कि उनके नीति से पार्टी के नेता खुश नहीं हैं। फिर आम जनता कहां से खुश रहेगी?

इस दौरान उन्होंने राजद पर भी तंज कसा और कहा कि, इस लड़ाई में राजद भी कहीं नहीं है। जनता किसी भी हालत में राजद का साथ नहीं देगी। जीत एनडीए के उम्मीदवार की तय है।

जन सुराज के तीन नेता बीजेपी में शामिल

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर को बीजेपी ने बड़ा झटका दिया है। दरअलस बीते 15 जुलाई बुधवार को जनसुराज के तीन बड़े नेता बिट्टू सिंह, केसी सिन्हा और गोपाल सिंह ने पार्टी का साथ छोड़ते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया। इसमें से गणितज्ञ केसी सिन्हा प्रसांत किशोर के काफी करीबी माने जाते थे।

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- इस्तीफा देने के बाद अब्दुल बारी सिद्दीकी से मिले मृत्युंजय तिवारी, जानें क्या हुई बातचीत?