कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
आज के कार्यक्रम
परिषद चुनाव को लेकर जदयू की बैठक
बिहार में परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की बैठक शनिवार को आयोजित होगी। बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इसमें परिषद चुनाव की तैयारियों, संगठन की भूमिका और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी के नेता और पदाधिकारी चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक में चुनाव को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर रह सकता है।
विरोध में लोकभवन मार्च
विशिष्ट विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 को रद्द करने और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर कथित हमले के विरोध में शनिवार को पटना में लोकभवन मार्च निकाला जाएगा। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर होने वाला यह मार्च दोपहर 12 बजे जेडी वीमेंस कॉलेज से शुरू होगा। कॉलेज पटना जू के सामने स्थित है। मोर्चा का आरोप है कि नए विश्वविद्यालयों के गठन के माध्यम से शिक्षक-कर्मचारियों और छात्रों के संवैधानिक अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। मार्च के जरिए अधिनियम वापस लेने और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता बनाए रखने की मांग उठाई जाएगी।
बीजेपी महिला मोर्चा का मार्च
जेएनयू प्रकरण के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा शनिवार को पटना में विरोध मार्च निकालेगा। यह मार्च दोपहर 2:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से शुरू होगा। प्रदर्शनकारी इनकम टैक्स चौराहे से होते हुए डाकबंगला चौराहे तक जाएंगे। मार्च के माध्यम से महिला मोर्चा के कार्यकर्ता जेएनयू प्रकरण को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

