Bilaspur News Update : बिलासपुर. जनप्रतिनिधियों ने लगातार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर क्षमता की समस्या उठाई, जिस पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्थायी समाधान तैयार करने को कहा. जल जीवन मिशन की सुस्ती और आत्मा योजना की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया.
सोमवार को कलेक्टोरेट के सभागार मंथन में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सिर्फ विभागीय समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह जिले की बुनियादी समस्याओं पर खुली चर्चा का मंच बन गई. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिजली, पेयजल, शिक्षा और कृषि से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. बैठक में सबसे ज्यादा चिंता बिजली व्यवस्था को लेकर सामने आई. कई जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षों बाद इस बार आम लोगों से लेकर उद्योग और व्यवसाय तक बिजली संकट से प्रभावित हुए. मंत्री ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि आगे ऐसी स्थिति न बने, जहां ट्रांसफार्मर क्षमता कम होने से समस्या आ रही है, वहां क्षमता बढ़ाने और स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए. इसके बाद जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान भी मंत्री ने कहा कि पिछले कई वर्षों से कार्यों की रफ्तार वहीं की वहीं रूकी हुई है. जिससे केंद्र की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल इस मिशन का लक्ष्य प्रभावित हो रहा है. अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए. कृषि विभाग की समीक्षा में सामने आया कि आत्मा योजना के तहत लंबे समय से बैठक नहीं हुई. इस पर मंत्री ने नियमित बैठकें आयोजित करने और किसानों के बीच जैविक खेती, उन्नत तकनीक तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए. बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, ग्रामीण आवास, स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कौशल विकास और अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई.
अपोलो में सरकारी योजनाएं क्यों लागू नहीं?
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ से कहा कि जिले में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होने कहा कि अपोलो अस्पताल के लिए सरकारी जमीन मात्र एक रुपये प्रति वर्गफीट की दर से उपलब्ध कराई गई थी. इसके बावजूद अस्पताल में शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का समुचित लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहा है. उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी की जाए.
शिक्षा की बुनियाद मजबूत करने की जरूरत
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने चिंता जताई. उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि प्राथमिक कक्षाओं से ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के जरूरत है. उनका कहना था कि यदि शुरुआती शिक्षा मजबूत नहीं होगी तो विद्यार्थियों का भविष्य भी प्रभावित होगा. उन्होंने प्राचार्यों और पालकों के साथ नियमित संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए. वहीं शिक्षा विभाग को प्राथमिक कक्षाओं से गुणवत्ता सुधारने को कहा.
सड़कों से मवेशी हटाने बनेगी रणनीति
दिशा बैठक में सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या भी उठी. केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने जनपद पंचायत के सीईओ और सरपंचों को समन्वय बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पशुपालकों को जागरूक करने, आवश्यक दिशा-निर्देश देने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर तय की जाए, ताकि सड़कों से मवेशियों को हटाकर दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
ये रहे बैठक में उपस्थित
जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, सहित जनपद पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष उपस्थित थे. कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया.
नाले में महिला की लाश मिलने से सनसनी
बिलासपुर. शहर के नाले में महिला की अर्धनग्न अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव बाहर निकालकर मरच्यूरी में रखवा दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2026 की सुबह रेलवे रोड तितली चौक के पास के पास नाले में फुटकर व्यापारियों ने एक महिला की अर्धनग्न अवस्था में लाश देखी. जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. सूचना पर डायल 112 व आरपीएफ के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंच गए. लाश पर कपड़ा डालकर ढंका गया. उसके बाद तोरवा पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई.
लाश नाले में पानी पाइप में फंसी हुई थी और चेहरा नीचे की ओर थी. पुलिस के द्वारा शव नाले से बाहर निकालकर आसपास के लोगों को तलब कर पहचान की कार्रवाई की गई. किन्तु लाश की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव सिम्स के मरच्यूरी में रखवा दिया है. एफएसएल टीम ने जांच के बाद लाश दो दिन पुराना होना, शरीर में चोट के निशान नहीं मिलने और मृतका की उम्र 40 से 50 साल होने की जानकारी पुलिस को दी है. बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु के कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस मृतका की फोटो पड़ोसी जिलों के थानों में भेजकर गुम इंसान से पहचान करने के प्रयास में जुट गई है. तलाशी लेने पर महिला के ब्लाउज में छोटा पर्स मिला है जिसमें 1100 रुपए रखे हुए थे. जांच के दौरान नाले के उपर एक साड़ी मिली है.
नहीं हुई पहचान
तोरवा टीआई ने बताया कि नाले में महिला की लाश मिली है. उसकी पहचान नहीं हो पाई है. लाश दो दिन पुरानी है और शरीर में चोट के निशान नहीं मिले है. दो दिन पहले तेज बारिश होने पर नाले में पानी का बहाव अधिक था. पानी में बहकर लाश आने की संभावना है. बहरहाल हर एंगल पर जांच की जा रही है.
हसदेव एक्सप्रेस में अब लगेगा एक और एसी कोच
बिलासपुर. रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं में निरंतर वृद्धि करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में गाड़ी संख्या 18251/18252 तथा 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में 01अतिरिक्त एसी श्री कोच की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध कराई जा रही है. यह सुविधा रायपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में 12 जुलाई से तथा कोरबा से चलने वाली गाड़ी संख्या 18252 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में 13 जुलाई से उपलब्ध रहेगी. इसी प्रकार रायपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 18249 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में 15 जुलाई से और कोरबा से चलने वाली गाड़ी संख्या 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में 16 जुलाई 2026 से उपलब्ध रहेगी.
हसदेव नदी उफान पर, एनीकट से 3 फीट ऊपर बह रहा पानी
चांपा. आषाढ़ लगते ही मौसम ने बदली अपनी रंग नगर में लगातार 5 दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रही हैं. लोग को बारिश के रुकने का इंतजार हैं. लेकिन बारिश लगातार रुक रुक कर गिर ही रही हैं. ऊपरी क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हसदेव नदी का जल स्तर बढ़ता जा रहा हैं. जिससे हसदेव नदी बाढ़ की स्थिति में हैं. सुभाष चौक (मोदी चौक) श्री श्याम मंदिर के पास स्थित जो केराझरिया, लछनपुर, मड़वा, चांपा बस्ती, हटरी बाजार आदि को जोड़ने वाली एनीकेट पूरी तरह डूब गई हैं और पानी लगभग 3 फीट ऊपर से बह रही हैं. जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो चुकी हैं लोग आवाजाही के लिए गेमन पुल का उपयोग कर रहे हैं. हसदेव नदी के निचले क्षेत्रों को प्रशासन द्वारा लगातार बढ़ रही हसदेव नदी का जल स्तर को देखते हुए बाढ़ की स्थिति में निचले क्षेत्र वाले अपने घर स्थान को छोड़ सुरक्षित भवन या स्थान पर जाने की अपील की है. प्रशासन ने निचले क्षेत्र के लोगो के लिए बाढ़ से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए पहले से ही भवन स्थान को सुनिश्चित कर सुरक्षित स्थान व्यवस्थित कर लिए हैं. ताकि निचले क्षेत्र में निवासित लोगो को बाढ़ से कोई किसी प्रकार से परेशानी न हो. प्रशासन लगातार लाउडस्पीकर एनांउसमेन के माध्यम से अवगत कराया जा रहा हैं की बाढ़ की स्थिति में निचले क्षेत्र के लोग सुरक्षित रूप से भवन या सुरक्षित स्थान पर स्थापित हो. ताकि निचले क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को बाढ़ से होने वाले परेशानियों से निजात मिल सके.
युवक ने जहर सेवन कर दी जान
कोरबा. किसी कारणवश एक युवक ने जहर का सेवन कर लिया. उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई. घटना के दौरान मृतक की पत्नि बच्चों के साथ मायके गई हुई थी. मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर जांच शुरू की है. उरगा थानांतर्गत ग्राम कथरीमाल में दीपक कुमार कैवर्त 35 वर्ष निवास करता था. उसकी पत्नि कुछ दिनों से बच्चों को लेकर मायके गई थी. घर में दीपक अकेले रह रहा था. वह 5 जुलाई की दोपहर उल्टी कर रहा था. जिसकी जानकारी होने पर भाई प्रकाश कुमार मौके पर पहुंचा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

