Bilaspur News Update : बिलासपुर. रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव में शनिवार रात मछली चोरी की रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई. आधा दर्जन आरोपियों ने दो युवकों पर हमला कर दिया. आरोप है कि पहले आरोपियों ने स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मारी, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की. हमले में तीरिथ यादव की मौत हो गई, जबकि उसका साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जान बचाने के लिए तीरिथ खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंचे और हमला कर दिया.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले मछली चोरी का वीडियो बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. उस दौरान मोबाइल तोड़ने की शिकायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश बरकरार रही. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

पीएससी प्रारंभिक परीक्षा आज यातायात में रहेगा बदलाव

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार 12 जुलाई को बिलासपुर के 37 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी. परीक्षा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक (नो एंट्री) रहेगी. पुल-पुलिया, संकीर्ण मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों, शॉपिंग मॉल तथा शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. पुलिस ने अपील की है कि परीक्षा शुरू होने से पहले तथा समाप्ति के बाद शहर में यातायात का दबाव अधिक रहेगा. ऐसे में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहरी एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.

सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस का होगा बिलासपुर तक विस्तार

बिलासपुर. रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आया है. विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस का विस्तार बिलासपुर तक करने की मांग पर रेल मंत्रालय ने संज्ञान लिया है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक अटल श्रीवास्तव को पत्र भेजकर सूचित किया गए अन्य विषयों का संज्ञान ले लिया गया है. रेल मंत्री के पत्र के अनुसार, वर्तमान में उठाए गए विषयों की जांच कराई जा रही है. जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल ट्रेन विस्तार को लेकर कोई अंतिम स्वीकृति नहीं दी गई है. यह प्रस्ताव अभी जांच के शुरूआती चरण में है. छत्तीसगढ़ रेल यूजर्स और यात्रियों के अनुसार, इस ट्रेन का बिलासपुर तक विस्तार होने से कई बड़े फायदे होंगे. सीधी रेल सुविधा दक्षिण भारत सिकंदराबाद/ हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को बिलासपुर से सीधी ट्रेन मिलेगी. इस रूट के विस्तार से लाखों यात्रियों का समय और यात्रा का खर्च कम होगा. इसके अलावा क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को और अधिक बढ़ावा मिलेगा. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मुख्यालय को इसका उचित और सीधा लाभ मिलेगा. छत्तीसगढ़ रेल यूजर्स संगठन ने रेलवे बोर्ड और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से मांग की है कि इस प्रस्ताव की तकनीकी, परिचालन और व्यावहारिक जांच को जल्द से जल्द पूरा कर सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके.

CISF जवानों पर चालक से मारपीट का आरोप

कोरबा. कुसमुंडा-दीपका के बीच कुचेना स्थित रेलवे अंडरब्रिज विवादों का कारण बनता जा रहा है. शनिवार की शाम अंडरब्रिज में जाम लग गया था. जिसमें सीआईएसएफ जवानों से भरी बस भी फंस गई. जवानों का विवाद जाम में फंसे पिकअप चालक से हो गया. आरोप है कि जवानों ने चालक और एक अन्य व्यक्ति से मारपीट कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. घटना शाम करीब 5.30 बजे की है. बताया जा रहा है कि कुचेना स्थित रेलवे अंडरब्रिज में जाम लग गया था.

narayana

40 फीट ऊंचाई से गिरने पर ठेका श्रमिक की मौत

रायगढ़. जिंदल पैंथर सीमेंट प्लांट में शनिवार को हुए एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में 40 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई. घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है. हादसे के बाद श्रमिक को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गयाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के सिंदूरपुर देवली निवासी शंकर हजारा पिछले करीब एक वर्ष से बीजीसी इंडिया ठेका कंपनी के माध्यम से जिंदल पैंथर सीमेंट प्लांट में कारपेंटर के रूप में कार्यरत था. शनिवार को वह प्लांट में करीब 40 फीट ऊंचाई पर प्लाई उतारने का काम कर रहा था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया. हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य श्रमिक दौड़कर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शंकर हजारा को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचायाए लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H