Bihar Crime: बिहार के कटिहार से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां बीजेपी नेता ओमप्रकाश यादव के भाई विकास यादव को उसके ही सगे साले ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद विकास यादव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पूर्णिया रेफर कर दिया।

जमीन विवाद में गोली मारने की आशंका

घटना जिले के सहायक थाना क्षेत्र के गौशाला हवाई अड्डा के इलाके की बताई जा रही है। वहीं, पूरा मामला पैतृक या पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसे लेकर इस खूनी खेल की घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल घायल विकास यादव का गंभीर हालत में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कटिहार पुलिस अधिक्षक दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे जमीन विवाद से जुड़ा हुआ घटना बताया है। हालांकि, प्रशासन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

परिजनों में मचा कोहराम

उधर गोलीबारी की घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गोली मारने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। बीजेपी नेता के भाई पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद से इलाके के लोगों में आक्रोश और तनाव का माहौल है।

ये भी पढ़ें- बड़े भाई ने सोते हुए छोटे भाई की गोली मारकर की हत्या…फिर खुद को उड़ाया, 8 जुलाई को होनी थी शादी