Bihar Crime: बिहार के मधेपुरा जिले से दिल को दहला देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां आज बुधवार की सुबह एक बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक छोटे भाई की 8 जुलाई को शादी थी और परिवार इसकी तैयारियों में जुटा हुआ था।
परिजनों में पसरा मातम
पूरा मामला जिले के आलमनगर नगर पंचायत स्थित वार्ड नंबर 14 की है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वहीं, परिजनों में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान बड़े बेटे पंकज कुमार (35) और छोटे बेटे छोटू कुमार (28) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौक पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से हत्या और खुदकुशी में इस्तेमाल हुआ देसी कट्टा अपने कब्जे में ले लिया और मामले की छानबीन में जुट गई।
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से मृतकों के पिता नवल किशोर भगत का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि, रात में उन्होंने बड़े बेटे पंकज (आरोपी) को आंगन में घूमते हुए देखा था। इसके बाद वह शौच के लिए चले गए। इस बीच उन्हें दो बार तेज आवाज भी सुनाई दी, लेकिन उसे उन्होंने पटाखे की आवाज समझकर अनसुना कर दिया। सुबह जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो, उनके होश ही उड़ गए।
शादी करने के लिए राजी नहीं था पंकज
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले कुछ समय से पकंज के व्यवहार में काफी बदलाव देखने को मिल रहा था। वह अक्सर घर में विवाद करता रहता था। वहीं, परिजनों ने बताया कि पंकज शादी करने के लिए राजी नहीं था, जिसके बाद उन लोगों ने छोटे बेटे छोटू की शादी तय कर दी, आगामी 8 जुलाई को उसकी बारात जानी थी। बीते 28 जून को ही बड़े धूम-धाम के साथ उसका तिलक समारोह संपन्न हुआ था।
घटना से पहले जलाया 3 दीपक

परिजनों ने यह भी बताया की 2008 में मृतक भाइयों की मां का देहांत हो गया था। घटना को अंजाम देने से पहले पंकज ने दिवंगत मां और दोनों भाइयों की तस्वीर के सामने 3 दीपक जलाया था। हालांकि उसने यह खौफनाक और आत्मघाती कदम क्यों उठाया? इसके पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के पास से खून से सना हुआ देसी कट्टा बरामद किया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में काम आ सकते हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह हो सकती है?
ये भी पढ़ें- दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने ली 3 बच्चों के पिता की जान, परिजनों में मचा कोहराम

