अनिल मालवीय, सीहोर। शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का खौफ रहा और न ही भगवान का डर। बीती रात चोरों ने एक बार फिर आस्था के केंद्र को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। ताजा मामला शहर के आरकस मोहल्ले का है, जहाँ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में एक अज्ञात चोर ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
READ MORE: स्कूल से झूठ बोलकर निकली और हो गई गायब: एयरफोर्स अधिकारी की 12 साल की बेटी लापता, CCTV से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, घटना आज तड़के करीब 2:10 बजे की है। जब पूरा शहर गहरी नींद में सोया हुआ था, तब एक शातिर चोर सूने पड़े शिव मंदिर के गर्भगृह में दाखिल हुआ। चोर ने बेहद शातिर तरीके से मंदिर की दानपेटी को निशाना बनाया। उसने भारी-भरकम दानपेटी को बेरहमी से तोड़ा और उसमें श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धाभाव से अर्पित की गई पूरी दानराशि समेट कर रफूचक्कर हो गया।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में चोर अकेला ही मंदिर के भीतर ताक-झांक करता और दानपेटी तोड़ता हुआ साफ नजर आ रहा है। हालांकि, शातिर अपराधी ने अपने चेहरे को इस तरह छुपा रखा था कि सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने में मशक्कत करनी पड़ रही है।
READ MORE: लाडली बहना को ‘लाभ’, बुजुर्गों को ‘अंगूठा’! 3 महीने से लाभार्थियों की पेंशन डकार रहा शासन? अफसर बोले- ‘नहीं आया बजट’
इस शर्मनाक घटना की खबर जैसे ही सुबह आरकस मोहल्ले और आसपास के इलाकों में फैली, स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। आस्था के केंद्र पर हुए इस प्रहार से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर में लगातार मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे साफ है कि असामाजिक तत्वों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।
पवित्र स्थलों की सुरक्षा भगवान भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। पुलिस प्रशासन को तत्काल हरकत में आकर सीसीटीवी खंगालने चाहिए, चोर के सुराग ढूंढने चाहिए और ऐसे कलयुगी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजना चाहिए ताकि भविष्य में कोई हमारी आस्था से खिलवाड़ न कर सके। उल्लेखनीय है कि इसके पहले एक माह के भीतर ही करौली माता मंदिर, मठ मंदिर में भी चोरी की घटना हो चुकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

