गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे की नई एयरपोर्ट टनल में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टनल के भीतर चलती एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और पूरी टनल काले धुएं से भर गई। धुएं के कारण वहां विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि वाहन चालकों में घबराहट फैल गई। कार सवार लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, इसलिए बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता
हादसे के वक्त दिल्ली पुलिस की टीम टनल के गेट पर तैनात थी। धुएं का गुबार देखते ही पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद हो गई। पुलिस ने तुरंत दिल्ली फायर सर्विस को सूचना दी और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के भीतर धुआं ज्यादा होने की वजह से राहत कार्य में थोड़ी चुनौती जरूर आई। पुलिस ने तुरंत टनल के दोनों तरफ वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया ताकि कोई नई गाड़ी भीतर न फंसे।
सुरक्षित निकाले गए फंसे हुए वाहन
टनल के अंदर पहले से मौजूद गाड़ियों को निकालना पुलिस के लिए बड़ी प्राथमिकता थी। बचाव दल ने अपनी सूझबूझ से वहां फंसे सभी वाहनों को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इस पूरी घटना के बाद से प्रशासन टनल की सुरक्षा प्रणालियों की दोबारा समीक्षा कर सकता है। अभी स्थिति सामान्य है और टनल में आवाजाही फिर से बहाल कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

