CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11.15 बजे ओमाया गार्डन पहुंचेंगे, जहां वे जल संसाधन विभाग के स्रोत महोत्सव में शामिल होंगे. दोपहर 1 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मंत्रालय जाएंगे और शाम 5 बजे तक कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
उपमुख्यमंत्री साव PWD विभाग की गिनाएंगे उपलब्धियां
रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज दोपहर 1 बजे नवा रायपुर स्थित संवाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान वे लोक निर्माण विभाग (PWD) की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही विभाग की आगामी कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा करेंगे.
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की होगी बैठक
रायपुर. शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक दोपहर 12 बजे गांधी मैदान में आयोजित होगी. बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर कांग्रेस आगे की रणनीति तैयार करेगी. जिला प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर, जिला अध्यक्ष श्री कुमार मेनन समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और नेता बैठक में मौजूद रहेंगे.
भाजपा का सहयोग केंद्र जारी
रायपुर. भाजपा का सहयोग केंद्र भी लगातार जारी है. आज मंत्री ओपी चौधरी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे. सहयोग केंद्र में अपनी समस्याएं लेकर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.
कांग्रेस नेता पंकज ने BJP प्रवक्ता श्रीवास को भेजा नोटिस
रायपुर. कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने नकटी प्रकरण में भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास द्वारा जारी किए गए वीडियो के जरिए झूठा आरोप लगाने के मामले में सार्वजनिक माफी मांगने नोटिस जारी किया है. उन्होंने दावे किए कि भाजपा प्रवक्ता कि टिप्पणी झूठी और तथ्यों से परे है. वीडियो में उन्होंने पंकज शर्मा पर गांव में अतिक्रमण के लिए उकसाने के आरोप लगाए थे. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि समय रहते सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो सक्षम न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा. पीसीसी के पूर्व महामंत्री ने भाजपा प्रवक्ता के आरोपों पर अपने अधिवक्ता के जरिए नोटिस भेजी है. इसमें सरकार पर अपने प्रवक्ता के जरिए भ्रमित करने के षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए हैं. गरीबों का घर क्यों तोड़ा गया इसका जवाब देने की स्थिति में नहीं है इसलिए पुराना वीडियो जारी कर गुमराह किया जा रहा है.
कर्मचारी संगठनों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
रायपुर. राज्य कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ और राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के सभी जिलों में पुरानी पेंशन योजना को लागू करने सहित 11 सूत्रीय मांगों लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है. प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चेलक व प्रदेश महामंत्री बोधी राम निषाद ने यह जानकारी दी. ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कि केंद्र के देय तिथि से एरियर राशि सहित दो प्रतिशत मंहगाई भत्ता दिया जाए. मध्यप्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के लिए चतुर्थ समयमान योजना लागू की जाए. कर्मचारियों के 25 वर्ष की सेवा पर पूर्ण पेंशन का लाभ, राज्य में प्रशासनिक न्यायाधिकरण की स्थापना, प्रदेश के दैनिक वेतन भोगी व संविदा कर्मचारी को नियमित किया जाए. कर्मचारी व पेंशनरों से संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए.
अतिथि व्याख्याता नियुक्ति के लिए संशोधित आदेश जारी
रायपुर. छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में अतिथि व्याख्याताओं की पुनः नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है. मंगलवार को उच्च शिक्षा विभाग ने अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति के संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिया है. गौरतलब है कि अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति नहीं होने और नियमों में संशोधन के लिए पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी था.

रायपुर प्रेस क्लब में ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ
इसके अलावा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर में फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है. रायपुर प्रेस क्लब के ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ होगा और 19 से 21 अगस्त तक घासीदास संग्रहालय में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी. मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


