संजय मानिकपुरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़। नगर के रायगढ़ रोड स्थित कुशल नगर के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार माजदा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में 25 से अधिक लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के पटेरापाली, गाड़ाघाट और बागबाहरा इलाके के निवासी हैं। ये सभी चंद्रपुर में मां चंद्रहासिनी के दर्शन के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 12 से अधिक लोगों का उपचार जारी है। वहीं चार गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m