रोहित कश्यप, मुंगेली। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष मुंगेली जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। न्यू जनरेशन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल लोरमी के अंशुल शर्मा ने 10वीं में 600 में से 594 अंक प्राप्त कर 99 प्रतिशत के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जिससे जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। वहीं मुंगेली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नंदिता देवांगन ने 98.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10वीं टॉप टेन में दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने भी टॉप-10 में स्थान बनाया।

वहीं चकरभाठा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कुमारी हेमा ने 97.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। इन सभी विद्यार्थियों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मुंगेली जिले में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।

2020 में उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला था (CGBSE 10th Result 2026)

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में भी मुंगेली जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। उस वर्ष 10वीं में प्रज्ञा कश्यप (गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, जरहागांव, मुंगेली) ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया था। वहीं 12वीं में टिकेश वैष्णव (सरस्वती शिशु मंदिर, मुंगेली) ने प्रदेश में टॉप करते हुए 97.80 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया था।

मिशन 90 प्लस कारगर, प्रेरणा से परिवर्तन सफल हुआ

जिले में 2020 के बाद कुछ वर्षों तक परीक्षा परिणामों में गिरावट देखी गई थी। हालांकि इस बार ‘मिशन 90 प्लस’ अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किया गया। कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला सीईओ और शिक्षा विभाग की टीम ने मिलकर 74 चिन्हित स्कूलों में विशेष मॉनिटरिंग और सुधारात्मक कार्य किए। नियमित टेस्ट, कमजोर छात्रों पर विशेष फोकस और शिक्षकों की सतत निगरानी ने परिणामों में बड़ा बदलाव लाया।

इसके साथ ही ‘प्रेरणा से परिवर्तन’ मुहिम के तहत आयोजित मोटिवेशनल कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें लक्ष्य के प्रति अधिक सजग बनाया। इसका सकारात्मक असर इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

कलेक्टर एसएसपी पहुंचे टॉपर के घर (CGBSE 10th Result 2026)

परिणाम घोषित होने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी भोजराम पटेल और जिला सीईओ ने विद्यार्थियों के घर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार करते हुए 10वीं में 30वें स्थान से 12वें स्थान और 12वीं में 27वें स्थान से छठवें स्थान तक की छलांग लगाई है।

कलेक्टर ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया और कहा कि ‘मिशन 90 प्लस’ और ‘प्रेरणा से परिवर्तन’ जैसी पहल ने शिक्षा की दिशा और दशा दोनों को बदला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीकी शिक्षा और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को और बेहतर अवसर दिए जाएंगे।

जिले में इस सफलता को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में और बेहतर परिणामों की उम्मीद की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H