Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (4 नवंबर 2026) की खबरों में प्रशांत भूषण पर FIR दर्ज, CM रेखा गुप्ता की राहुल गांधी को खुली चुनौती, दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर रेखा सरकार का शिकंजा, दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे से निपटने की तैयारी प्रमुख रहा।

CM रेखा गुप्ता की राहुल गांधी को खुली चुनौती
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को संसद में खुली बहस की चुनौती दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के शासनकाल की कई घटनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी है। दरअसल, राहुल गांधी ने 2 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी।

प्रशांत भूषण पर FIR दर्ज
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण (Prashant Bhushan) सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (sergei lavrov) का फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को भारत की आलोचना करते हुए दिखाया गया था। वीडियो में भारत की विदेश नीति और रूस से तेल खरीद को लेकर कथित टिप्पणियां दिखाई गई थीं। प्रशांत भूषण ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया था। जांच में वीडियो को फर्जी बताया गया।

दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर रेखा सरकार का शिकंजा
दिवाली के त्योहार से पहले दिल्ली में मिलावटखोरों के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत करीब 7 हजार किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर और खोया जब्त किया गया है। त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ा दी है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों, पनीर और खोया की मांग में तेजी से बढ़ोतरी होती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री कर सकते हैं। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जांच और निगरानी अभियान तेज किया जा रहा है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे से निपटने की तैयारी
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी और घने कोहरे के कारण विमान संचालन प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाती है। कई बार कम दृश्यता के चलते विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में देरी होती है, वहीं कुछ उड़ानों को डायवर्ट या रद्द भी करना पड़ता है। इस चुनौती से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर तकनीक और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। इस बार फ्लाइट संचालन को बेहतर बनाने के लिए स्काईकास्ट (SkyCast) मौसम पूर्वानुमान प्रणाली की मदद ली जा रही है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
सौरभ दास ने शेयर किया CM रेखा गुप्ता का पोस्ट: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास (Saurav Das) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर निशाना साधते हुए तंज कसा है। उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के बीच प्रस्तावित बहस के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की भूमिका को लेकर कटाक्ष किया है। दरअसल, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी की इस चुनौती के बाद कांग्रेस नेता लगातार बयान दे रहे हैं और भाजपा पर इस मुद्दे पर जवाब देने से बचने का आरोप लगा रहे हैं। सौरभ दास ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर व्यंग्य करते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को संसद में बहस के लिए बुला रही हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में झुग्गियों की जगह बनेंगी बहुमंजिला इमारतें: दिल्ली सरकार ने राजधानी की झुग्गी बस्तियों के पुनर्वास को लेकर नई नीति अधिसूचित कर दी है। इसके तहत झुग्गी बस्तियों का उसी स्थान पर पुनर्विकास यानी इन-सिटू (In-Situ) मॉडल अपनाया जाएगा। सरकार ने इसके लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल तैयार किया है। शुरुआती चरण में सीलमपुर, सुल्तानपुरी और लाजपत नगर की 17 झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास की प्रक्रिया शुरू की गई है। इन तीनों स्थानों पर कुल 4,870 झुग्गियां मौजूद हैं। सरकार की योजना है कि मौजूदा झुग्गियों के स्थान पर तीन बहुमंजिला आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएं, ताकि यहां रहने वाले परिवारों को बेहतर और व्यवस्थित आवास उपलब्ध कराया जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के स्कूल में 9 साल की बच्ची की मौत से मचा हड़कंप: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक स्कूल में नौ साल की बच्ची की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची की क्लासरूम के अंदर अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में स्कूल के शिक्षक उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर मिलते ही बच्ची के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल में भी इस घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल है। (पढ़े पूरी खबर)
अवैध पटाखे बेचने के आरोप में एक को किया गिरफ्तार: दिल्ली में दिवाली के आसपास पटाखों को लेकर प्रशासन एकदम मुस्तैद है. सख्त आदेश के बावजूद अवैध पटाखों का कारोबार करने वाले लोग बाज नहीं आ रहे. इसी क्रम में दिल्ली पुलिस ने 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और पूर्वी दिल्ली के बलबीर नगर स्थित उसके घर से लगभग 312 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं. आरोपी की पहचान दिल्ली के बलबीर नगर में शिव मंदिर के रहने वाले हर्षित मित्तल के रूप में हुई है. (पढ़े पूरी खबर)
चिकित्सा जगत को बड़ा झटका: देश के प्रख्यात न्यूरोसर्जन और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित डॉ. अशोक कुमार महापात्र का निधन हो गया है। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है। उन्होंने अपने लंबे चिकित्सा करियर में हजारों मरीजों को नया जीवन दिया और जटिल न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। डॉ. महापात्र उन चिकित्सकों में शामिल थे, जिन्होंने गंभीर और जटिल मस्तिष्क संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन किए और ऐसे मरीजों को भी जीवन की नई उम्मीद दी, जिनके ठीक होने की संभावना बेहद कम मानी जाती थी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के ऐतिहासिक टाउन हॉल का हिस्सा ढहा: दिल्ली के चांदनी चौक स्थित करीब 160 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। टाउन हॉल के आसपास हर दिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में ऐतिहासिक इमारत का हिस्सा गिरना सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। चांदनी चौक की पहचान माने जाने वाले इस ऐतिहासिक टाउन हॉल की मौजूदा स्थिति जर्जर बताई जा रही है। इमारत की खराब हालत को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) प्रशासन ने परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया है। यहां आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान: दिल्ली सरकार राजधानी में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की तैयारी कर रही है। इसके तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) की सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सरकार की योजना के अनुसार, एमबीबीएस की सीटें 595 से बढ़ाकर 820 और PG की सीटें 553 से बढ़ाकर 762 की जाएंगी। इस फैसले से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की 225 और पीजी की 209 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। इससे मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है। साथ ही, विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
18 इलाकों में हवा बेहद खराब, AQI 400 पार: नवंबर की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 373 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रदूषण के सबसे गंभीर हालात पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी और IIT दिल्ली सहित कई इलाकों में देखने को मिल रहे हैं। पंजाबी बाग में AQI 452, जहांगीरपुरी में 450 और IIT दिल्ली में 446 रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

