प्रतीक शर्मा, लोरमी। CGBSE 12th Result 2026 : संघर्ष अगर सच्चा हो, तो सफलता शोर मचा ही देती है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं लोरमी के एक ऐसे ही जांबाज छात्र की, जिसने अभावों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बनाया। हाथ में धनिया-मिर्च की टोकरी और दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा… यह कहानी है लोरमी के चेतू राम साहू की, जिन्होंने 12वीं बोर्ड की परीक्षा में पूरे प्रदेश में 8वां स्थान हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है।

दरअसल, बुधवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित किए, जिसमें मुंगेली जिले के लोरमी में रहने वाले छात्रा चेतू राम साहू ने 12वीं कक्षा में 96.8% अंक हासिल कर मेरिट लिस्ट में आठवां स्थान प्राप्त किया है। लेकिन यह सफलता केवल अंकों की नहीं, बल्कि उस कड़े संघर्ष की है, जिसे देखकर आज हर कोई दंग है।

ऐशो-आराम से दूर होकर की कड़ी मेहनत
एक बेहद साधारण कृषक परिवार से आने वाले चेतू का जीवन ऐशो-आराम से कोसों दूर रहा। स्कूल की पढ़ाई के बाद जब दूसरे बच्चे खेल-कूद में व्यस्त होते, तब चेतू अपने माता-पिता के साथ खेतों में हाथ बंटाते थे। घर की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने और परिवार की मदद के लिए उन्होंने कभी सब्जी की दुकान पर धनिया और मिर्च बेचने में भी संकोच नहीं किया।

स्कूल जाने के लिए करता था 30 किलोमीटर का रोजाना सफर
मंजिल की राह भी आसान नहीं थी। चेतू को पढ़ाई के लिए अपने गांव से लोरमी स्थित स्कूल तक रोजाना 30 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। थका देने वाली यात्रा और घर की जिम्मेदारियों के बीच चेतू ने कभी अपनी किताबों का साथ नहीं छोड़ा।
चेतू राम साहू की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक करारा जवाब है जो सुविधाओं की कमी का रोना रोते हैं। चेतू ने साबित कर दिया है कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो गरीबी की दीवारें आपको आसमान छूने से नहीं रोक सकतीं। आज पूरा लोरमी और छत्तीसगढ़ इस बेटे की कामयाबी पर नाज कर रहा है।
सरकार से मदद की मांग (CGBSE 12th Result 2026)
अब चेतू के परिवार और ग्रामीणों ने लल्लूराम डॉट कॉम के माध्यम से शासन से यह मांग की है कि चेतू को आगे की शिक्षा के लिए अच्छी से अच्छी कोचिंग और मदद मिले, जिससे वह भविष्य में अपने सपनों को पूरा कर सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

