IPL 2026 playoffs: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की तस्वीर धीरे-धीे साफ होने लगी है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए सीजन के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट लगभग पक्का कर लिया। इस जीत के साथ हैदराबाद के 16 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।

सनराइजर्स हैदराबाद की इस जीत का सबसे बड़ा फायदा गुजरात टाइटंस को भी मिला। गुजरात भी 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित की थी। अब चौथे और आखिरी प्लेऑफ स्पॉट के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल रही है। वहीं मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। अब नजर डालते हैं उन पांच टीमों के समीकरण पर, जो अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं।

पंजाब किंग्स का पलड़ा सबसे भारी

पंजाब किंग्स इस समय 13 अंकों और +0.227 के नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। प्लेऑफ की रेस में शामिल बाकी टीमों की तुलना में पंजाब की स्थिति सबसे मजबूत मानी जा रही है। टीम का आखिरी लीग मुकाबला 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला जाएगा। अगर पंजाब यह मैच जीत लेती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और प्लेऑफ का रास्ता लगभग साफ हो जाएगा। हालांकि टीम को यह भी उम्मीद करनी होगी कि बाकी दावेदार 14 अंकों से आगे न पहुंचें।

राजस्थान के पास अभी भी बड़ा मौका

राजस्थान रॉयल्स फिलहाल 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। सबसे खास बात यह है कि राजस्थान के अभी दो मुकाबले बाकी हैं, ऐसे में टीम के पास 16 अंक तक पहुंचने का मौका है। अगर राजस्थान अपने दोनों मैच जीत लेती है तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जाएगा। हालांकि एक हार टीम के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है, क्योंकि तब उसे दूसरे टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। राजस्थान का नेट रन रेट फिलहाल +0.027 है और बेहतर स्थिति के लिए टीम को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।

चेन्नई की राह हुई बेहद मुश्किल

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार ने चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। टीम 12 अंकों और -0.016 नेट रन रेट के साथ छठे स्थान पर है। चेन्नई को अब अपना आखिरी मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़े अंतर से जीतना होगा, ताकि उसका नेट रन रेट सुधर सके। इसके अलावा सीएसके को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। पंजाब और दिल्ली की हार, केकेआर की एक हार और राजस्थान की लगातार हार ही चेन्नई की उम्मीदों को जिंदा रख सकती है।

दिल्ली के लिए मुश्किल सबसे ज्यादा

दिल्ली कैपिटल्स भी 12 अंकों के साथ रेस में बनी हुई है, लेकिन -0.871 का बेहद खराब नेट रन रेट टीम की सबसे बड़ी चिंता है। दिल्ली को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। इसके साथ-साथ टीम को बाकी मुकाबलों के परिणाम अपने पक्ष में जाने की भी उम्मीद करनी होगी। मौजूदा हालात में दिल्ली के लिए प्लेऑफ की राह सबसे कठिन दिखाई दे रही है।

KKR अभी भी दौड़ में कायम

कोलकाता नाइट राइडर्स के 11 अंक हैं, लेकिन टीम के दो मुकाबले अभी बाकी हैं। ऐसे में केकेआर की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। टीम को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने दोनों मैच जीतने होंगे। अगर ऐसा होता है तो केकेआर 15 अंकों तक पहुंच सकती है। ऐसे में पंजाब की हार और राजस्थान के एक मुकाबले में हारने की स्थिति में कोलकाता सीधे प्लेऑफ में जगह बना सकती है।

किस टीम का दावा सबसे मजबूत?

मौजूदा समीकरणों को देखें तो पंजाब किंग्स सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, क्योंकि टीम को सिर्फ एक जीत की जरूरत है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के पास भी दो मुकाबले बाकी होने के कारण बेहतरीन मौका मौजूद है। दूसरी ओर चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता को अपनी जीत के साथ-साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। ऐसे में आईपीएल 2026 का प्लेऑफ समीकरण अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H