Chhattisgarh : प्रतीक पटनायक, धमतरी. मगरलोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 में 26 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवती ने माता-पिता को कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया. सुबह परिजनों और ग्रामीणों की मदद से कमरे का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद हॉल में युवती का शव फंदे पर लटका मिला. मृतका की पहचान लता सिन्हा के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है.
मृतका के पिता हीरालाल सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार ने सामान्य तरीके से खाना खाया था. इसके बाद वह और उनकी पत्नी टीवी देख रहे थे. इसी दौरान लता वहां आई और जिस कमरे में दोनों मौजूद थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. माता-पिता ने इसे पहले मजाक समझा और आवाज लगाकर दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन दरवाजा नहीं खुला. दोनों रातभर कमरे में बंद रहे.
सुबह उन्होंने फोन के जरिए रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद रिश्तेदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी गई. डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर हथौड़े की मदद से घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा. इसके बाद अंदर के कमरे का ताला काटकर माता-पिता को बाहर निकाला गया. बाहर आने के बाद जब उन्होंने हॉल में देखा तो लता का शव फंदे पर लटका हुआ था.
बैगा से संपर्क को लेकर परिवार ने जताई आशंका
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि लता का गांव के ही एक बैगा के यहां आना-जाना बढ़ गया था. वह बैगा से लंबे समय तक फोन पर बातचीत भी करती थी. परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती किसी मानसिक दबाव में हो सकती थी. हालांकि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस
मगरलोड पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने लता का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है. वहीं बैगा से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है. पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ युवती के बैगा से संपर्क और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मोबाइल की जांच, कॉल डिटेल और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही मामले की पूरी स्थिति सामने आएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



