संजीत कबलाना, झज्जर। दुजाना गांव के चर्चित विजय सैनी हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। रविवार को पूर्व सांसद Raj Kumar Saini दुजाना गांव पहुंचे और मृतक विजय सैनी के परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ विजय सैनी के बेटे सुनील को मिली सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी से भी कई सवाल पूछे।


राजकुमार सैनी ने सुरक्षाकर्मी से पूछा कि घटना के समय वह कहां था। इस पर सुरक्षाकर्मी ने बताया कि वह सुनील के साथ था और उसके तथा विजय सैनी के बीच काफी दूरी थी। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें रिटर्न फायर करने के आदेश थे, तो सुरक्षाकर्मी ने जवाब दिया कि रिटर्न फायर करने के कोई आदेश नहीं थे। हालांकि यदि आत्मरक्षा की स्थिति बनती तो वह फायर कर सकता था, लेकिन घटना के समय वह काफी दूर था।


यह झज्जर पुलिस का फेलियर है”


मीडिया से बातचीत में राजकुमार सैनी ने पूरे मामले को झज्जर पुलिस की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने कहा कि जिस आरोपी पर पहले अपनी पत्नी की हत्या का आरोप है और जो लंबे समय से इसी क्षेत्र में घूम रहा था, उसे पुलिस गिरफ्तार क्यों नहीं कर सकी।


उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस को आरोपी के जिले में होने की सूचना थी तो समय रहते उसे पकड़ा क्यों नहीं गया।
राजकुमार सैनी ने कहा, “यह साफ तौर पर पुलिस का फेलियर है। सूचना होने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया और एक और हत्या हो गई।”


पुलिस कमिश्नर पर भी उठाए सवाल


पूर्व सांसद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब कलाकारों और नाच-गाने वालों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है तो ऐसे संवेदनशील मामले में सुरक्षा बढ़ाने में देरी क्यों की गई।
उन्होंने कहा कि एक हत्या पहले ही हो चुकी थी, लगातार धमकियां मिल रही थीं, इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।


“यूपी में एनकाउंटर हो सकते हैं तो हरियाणा में क्यों नहीं?”
राजकुमार सैनी ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है तो हरियाणा में भी अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब यूपी के मुख्यमंत्री बुलडोजर बाबा बदमाशों का एनकाउंटर करवा सकते हैं तो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बदमाशों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई क्यों नहीं कर सकते?”


गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन


राजकुमार सैनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मामला सड़क पर जाएगा और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो युद्ध सड़क पर होगा। हम प्रदर्शन करेंगे और न्याय की लड़ाई को और तेज करेंगे।” उन्होंने बताया कि सोमवार को पीड़ित परिवार और गांव के लोग पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

मुख्यमंत्री को आंखें खोलनी चाहिए”

राजकुमार सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री साहब को आंखें खोलनी चाहिए। ऐसा लग रहा है जैसे मुख्यमंत्री के परिवार का ही कोई सदस्य मारा गया हो और फिर भी आरोपी खुले घूम रहे हों। एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं और गिरफ्तारी नहीं हो रही।”


क्या है पूरा मामला?


गौरतलब है कि पिछले रविवार दुजाना गांव निवासी विजय सैनी की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह खेत से अपने घर लौट रहे थे। हमलावरों ने रास्ते में घेरकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
परिवार का आरोप है कि यह रंजिश पुरानी थी और पहले भी उन्हें धमकियां मिलती रही थीं।


विजय सैनी परिवार पहले भी हिंसा का शिकार हो चुका है। मृतक के बेटे अनिल सैनी की भी कुछ समय पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब विजय सैनी की हत्या के बाद परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक उनकी न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।