अमृतेश सिन्हा, मुंगेर। बिहार की मुंगेर पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने तीन साल के एक मासूम के अपहरण होने के कुछ ही घंटे बाद इस वारदात का खुलासा करते हुए सकुशल बच्चे को बरामद कर लिया। दरअसल आज बुधवार की दोपहर 1:30 बजे के करीब लालदरवाजा इलाके से मासूम अभिराज का अपहरण हो गया। शाम 5 बजे कोतवाली थाने की पुलिस को दी गई।
जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई शुरू की और बच्चे को भोजपुर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में मुंगेर से एक व्यक्ति और उसकी नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया गया है, जबकि बच्चे को ले जा रहे पंजाब के पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
घटना को लेकर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक, बुधवार को शाम करीब पांच बजे कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली कि लालदरवाजा इलाके से विनोद यादव का तीन साल का बच्चा अभिराज गायब है। बताया गया कि बच्चा दोपहर करीब डेढ़ बजे से लापता था। और परिजनों के द्वारा काफी खोज बिन के बाद भी नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
फुटेज में मोहल्ले की ही एक नाबालिग लड़की बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाती दिखाई दी। इसके बाद दोनों को एक लग्जरी गाड़ी में बैठाते हुए देखा गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मोहल्ले के ही नीरज यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने नीरज और उसकी नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया और उसके पास से एक लाख रुपया भी बरामद किया। जिसके बाद दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि बच्चे को पंजाब के एक परिवार को बेच दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने लग्जरी गाड़ी के नंबर प्लेट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पीछा शुरू किया। तकनीकी जांच में गाड़ी के भोजपुर में होने की जानकारी मिली।
मुंगेर पुलिस ने भोजपुर पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद भोजपुर पुलिस को अलर्ट किया गया। भोजपुर पुलिस ने हाईवे पर संदिग्ध लग्जरी गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी के अंदर से तीन साल के मासूम अभिराज को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने गाड़ी में सवार पंजाब के तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने इस मामले 6 को गिरफ्तार किया है । जबकि एक नाबालिग को भी लाया गया है।
इस तरह महज कुछ घंटों के भीतर मुंगेर पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच के सहारे मासूम के अपहरण की पूरी गुत्थी सुलझा ली। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे की खरीद-फरोख्त के इस पूरे खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अब एसपी से कोतवाली sho सहित अन्य पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कर रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Top News Today: बिहार में आज 12 अगस्त को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की बड़ी खबरें


