रोहित कश्यप, मुंगेली l जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुंगेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का व्यापक मैदानी निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों की प्रगति, बाढ़ सुरक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, सड़क, पुल, पेयजल, कृषि तथा जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और सभी विभागीय अधिकारी फील्ड में रहकर 24×7 स्थिति की निगरानी करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

लगातार बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा हो, वहां तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए। नगर पालिका, नगर पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य और कृषि व्यवस्थाओं का निरीक्षण

कलेक्टर ने ग्राम अखरार पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन बाजार शेड का शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा विद्यालय परिसर में खराब पड़े हैंडपंप को तत्काल सुधारकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के लिए पेयजल व्यवस्था बहाल करने को कहा।

उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली तथा कृषि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ग्राम में प्रस्तावित नवीन स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उप स्वास्थ्य केंद्र अखरार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्थित जर्जर भवनों को पूरी तरह ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

मनियारी नदी, निर्माणाधीन पुल और खुड़िया डेम का लिया जायजा

भारी वर्षा को देखते हुए कलेक्टर कारीडोंगरी पहुंचे, जहां उन्होंने मनियारी नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण कर संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम दरवाजा और कारीडोंगरी को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और प्रगति की जांच की तथा निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने खुड़िया डेम का निरीक्षण कर मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाया जाए।

शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की परखी हकीकत

कलेक्टर ने पड़ाव चौक मुंगेली, धरमपुरा, जरहागांव और बरेला सहित विभिन्न क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। लोरमी बायपास रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार की धीमी प्रगति और लगातार लग रहे जाम पर उन्होंने नाराजगी जताई। निर्माण एजेंसी को दोनों ओर वैकल्पिक डायवर्सन तैयार कर एक सप्ताह के भीतर आवागमन पूरी तरह सुचारु करने के निर्देश दिए। धरमपुरा स्थित बिलासपुर रोड (टोल प्लाजा के समीप) सड़क में आई दरारों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे दुर्घटना की दृष्टि से गंभीर बताया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के कार्यपालन अभियंता (ईई) को मौके से ही वीडियो कॉल कर सड़क की बदहाल स्थिति और दरारें दिखाईं तथा तत्काल आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

जरहागांव में ग्रामीणों से संवाद के दौरान जल निकासी की समस्या सामने आने पर संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं बरेला में निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने तथा सड़क पर जलभराव रोकने के लिए प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

सड़क, पुल-पुलिया और बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं एवं एसडीओ को सड़क, पुल-पुलिया, नदी-नालों तथा विद्युत लाइनों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी सड़क क्षतिग्रस्त होने, जलभराव अथवा तेज बहाव के कारण दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर बाढ़, जलभराव और आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना विलंब सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

स्वास्थ्य अमला हाई अलर्ट, अवकाश पर रोक

लगातार वर्षा की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, डीपीएम, सभी बीएमओ, पीएचसी प्रभारियों, आरएचओ, सीएचओ सहित पूरे स्वास्थ्य अमले को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी स्वास्थ्य कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे तथा मोबाइल फोन 24×7 चालू रखेंगे। उन्होंने जिला अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, स्नेकबाइट एवं रैबीज वैक्सीन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस सेवाओं को हर समय तैयार रखने तथा मितानिनों और जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक, स्वच्छता एवं हाईजीन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने कहा – जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि सुरक्षित पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, मजबूत आधारभूत अधोसंरचना और नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों का नियमित मैदानी निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही लगातार वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी विभाग 24×7 सतर्क रहें और जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m