पश्चिम बंगाल में नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनीसुर रहमान और उनके बेटे की गोलियों और धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई. अनीसुर रहमान किसी काम से बाहर गए थे और बाद में अपनी कार से अपने बेटे अबू सुफियान के साथ घर लौट रहे थे. कथित तौर पर रास्ते में कुछ बदमाशों ने उनकी कार को रोक कर गोलीबारी और धारदार हथियार से हमला किया. जानकारी सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बताया जा रहा है.
नादिया जिले में कांग्रेस से जुड़े नेता अनीसुर रहमान नादिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे.
कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनीसुर रहमान नकाशीपारा इलाके के जाने-माने कांग्रेस नेता थे. प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सदस्य होने के साथ उन्होंने नादिया जिला कांग्रेस कमेटी में महासचिव की जिम्मेदारी भी संभाली थी. लंबे समय से पार्टी के लिए कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे.
कांग्रेस नेता की कथित हत्या की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चिंता का माहौल है. इस दोहरे हत्याकांड के पीछे क्या वजह थी, हमला राजनीतिक विवाद से जुड़ा था या फिर इसके पीछे कोई व्यक्तिगत अथवा अन्य कारण था. फिलहाल इसे लेकर अभी कई सवाल खड़े हैं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद नकाशीपारा पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची. आधिकारिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात वास्तव में किस तरह हुई और इसमें कितने लोग शामिल थे. ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में राजनीतिक सुरक्षा को लेकर बहस को तेज कर दिया है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


