नवीन शर्मा,हांसी। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल और छात्र साहिल लाछोब के घायल होने के मामले को लेकर हांसी में कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने हांसी सिटी थाना परिसर में धरना दिया। नारनौद विधायक जस्सी पेटवाड़ भी धरने में शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक कांग्रेस नेता थाना परिसर में धरना जारी रखेंगे।
राहुल गांधी के धरने का किया समर्थन
विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी छात्र साहिल लाछोब और उसके परिवार के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। एफआईआर दर्ज नहीं होने पर उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया।
पेटवाड़ ने कहा कि कांग्रेस पूरे मामले को सामने लाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर हांसी में भी पार्टी नेताओं ने थाना परिसर में धरना दिया है।
धरने के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू समेत AICC के ऑब्जर्वर भी मौजूद रहे।
कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल
धरने में कांग्रेस नेता सुमन शर्मा, साक्षी मान, अशोक मलिक, पवन गोयल, तेलूराम जांगड़ा, राहुल मक्कड़, अमित उर्फ अनु शर्मा, कमल किशोर और गायत्री समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पैलेट गन मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

