DC vs PBKS IPL 2026: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें केएल राहुल की शानदार शतकीय पारी शामिल रही।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने बेखौफ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 71 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने भी (26 गेंद पर 76 रन) तेज अर्धशतक जड़ा। इन पारियों की बदौलत पंजाब ने 265 रन का लक्ष्य 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

श्रेयस और प्रभसिमरन के अलावा प्रियांश आर्य ने 17 गेंद पर 43, नेहल वधेरा ने 17 गेंद पर 25, शशांक सिंह ने 10 गेंद पर 19 और कूपर कोनोली ने 10 गेंद पर 17 रन की पारी खेली।

DC के लिए गेंदबाजी में कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले, जबकि विप्रज निगम और कप्तान अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली।

आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज

यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक रही, क्योंकि यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम ही था, जब टीम ने 2024 में केकेआर के खिलाफ 262 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इस मुकाबले में उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पंजाब ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

राहुल का शतक गया बेकार

DC मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 264 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। राहुल ने 67 गेंदों पर 226.87 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 152 रन बनाए। उनके साथ नीतीश राणा ने भी शानदार साथ निभाया और 44 गेंदों में 206.82 की स्ट्राइक रेट से 91 रन की तेज अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, पथुम निसांका 11 रन बनाकर आउट हुए।

केएल राहुल ने इस मैच में अपने आईपीएल करियर का छठा शतक जड़ते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए, लेकिन इसके बावजूद उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी और दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H