DC vs RCB IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 39वें मुकाबले में आज दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। इस सीजन की शुरुआत धमाकेदार करने वाली दिल्ली कैपिटल्स अब लगातार गिरावट का सामना कर रही है। टीम ने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर मजबूत संकेत दिए थे, लेकिन इसके बाद खेले गए पिछले दो मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी। कुल 7 मैचों में 4 हार के साथ DC फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है और प्लेऑफ की दौड़ को लेकर दबाव में नजर आ रही है।

वहीं दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन अब तक काफी संतुलित रहा है। विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे धाकड़ बल्लेबाजों से सजी RCB टीम बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी और फील्डिंग में भी बेहतर संयोजन दिखा रही है। टीम ने 7 में से 5 मुकाबले जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया है।

ऐसे में आज का मुकाबला दिल्ली के लिए वापसी का मौका होगा, जबकि RCB अपनी जीत की लय को बरकरार रखते हुए टॉप पोजिशन की ओर कदम बढ़ाना चाहेगी।

बता दें कि DC और RCB के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों ने इस सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। खासकर केएल राहुल ने नियमित रूप से रन बनाए हैं, जबकि नितीश राणा ने भी शानदार अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। हालांकि, टीम की असली चिंता उसकी गेंदबाजी और फील्डिंग बनी हुई है। पंजाब किंग्स के खिलाफ खराब क्षेत्ररक्षण के चलते दिल्ली ने 264 रन बनाने के बावजूद आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार में से एक का सामना किया था।

वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मजबूत स्थिति में है और पूरी तरह संतुलित नजर आ रही है। विराट कोहली टीम की बल्लेबाजी को स्थिरता और अनुभव प्रदान कर रहे हैं, जबकि देवदत्त पडिक्कल की फॉर्म में वापसी से टॉप ऑर्डर और अधिक मजबूत हुआ है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में RCB के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने डेथ ओवर्स में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की थी।

अरुण जेटली स्टेडियम पिच रिपोर्ट

दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम (पूर्व में फिरोजशाह कोटला) की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद बैट पर अच्छे से आती है, जिससे शॉट खेलना आसान हो जाता है। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण इस मैदान पर अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, और टीमें आमतौर पर 185 से 200 रन तक का स्कोर प्रतिस्पर्धी मानती हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है, जबकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम हो जाती है।

अरुण जेटली स्टेडियम में DC vs RCB का रिकॉर्ड

भले ही यह दिल्ली कैपिटल्स का होम ग्राउंड है, लेकिन यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में RCB ने 7 बार जीत दर्ज की है, जबकि DC केवल 4 मैच ही अपने नाम कर पाई है।

DC बनाम RCB हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 34 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें RCB ने 20 मैच जीते हैं, जबकि DC को 13 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकल सका।

मौजूदा सीजन में दोनों टीमें बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने-सामने आई थीं, जहां दिल्ली कैपिटल्स ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में RCB आज उस हार का बदला लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं पिछले सीजन में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता था। 2021 से अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो RCB ने खेले गए 9 में से 6 मुकाबलों में जीत हासिल की है।

DC और RCB की प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स (DC)

पृथ्वी शॉ, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन, दुष्मंथा चमीरा

इम्पैक्ट प्लेयर: समीर रिजवी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, मंगेश यादव, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा

इम्पैक्ट प्लेयर: देवदत्त पडिक्कल

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H