दिल्ली में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने राजधानी के 14 जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि इससे पहले उपाध्यक्षों और महासचिवों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं। अब जिला स्तर पर नई जिम्मेदारियां देकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
कैसे हुई नियुक्ति?
कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद दिल्ली और अरुणाचल प्रदेश में डिस्ट्रिक्ट कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। यह निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद लिया गया है। पार्टी के अनुसार यह पूरा बदलाव ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है। कांग्रेस ने बताया कि इस प्रक्रिया में हर जिले में नियुक्त AICC ऑब्जर्वरों ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से विस्तृत बातचीत की। इसके बाद सभी जिलों की रिपोर्ट तैयार कर पार्टी हाईकमान को सौंपी गई, जिसके आधार पर नई नियुक्तियां की गईं।
रिपोर्ट मिलने के बाद वरिष्ठ नेताओं और AICC ऑब्जर्वरों के साथ अलग-अलग स्तर पर बैठकें की गईं। इन बैठकों में प्राप्त सुझावों और फीडबैक पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद अंतिम नामों पर सहमति बनी और नई सूची जारी कर दी गई। पार्टी का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है। कांग्रेस के अनुसार, नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ बेहतर होगी और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी।
किसे कहां मिली कमान?
दिल्ली में संगठनात्मक बदलाव करते हुए डिस्ट्रिक्ट कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों की नई सूची जारी की है। इस सूची में कई नए चेहरों को जिला स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई दिल्ली जिले की कमान मोहिंदर मंगला को दी गई है। रोहिणी से इंद्रजीत सिंह, किरारी से वरुण ढाका और तिलक नगर से अमनदीप सिंह सूदन को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नजफगढ़ से राजेश यादव, महरौली से वीरेंद्र शर्मा और बदरपुर से हर्ष चौधरी को भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। आदर्श नगर जिले की कमान सिद्धार्थ राव को सौंपी गई है, जबकि चांदनी चौक से मोहम्मद उस्मान को DCC अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा करावल नगर में मंगेश त्यागी, बाबरपुर में राज कुमार जैन, पटपड़गंज में विजेंद्र चौधरी, कृष्णा नगर में सुमित शर्मा और करोल बाग जिले में महेंद्र भास्कर को जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

